
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देश में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की चर्चाओं के बीच छत्तीसगढ़ से 16 साल का एक बच्चा बड़ों के छक्के छुड़ाते हुए सुर्खियां बटोर रहा है। बेंगलुरू में आयोजित के. थिम्पीआह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के युवा विकल्प तिवारी ने गजब की परिपक्वता दिखाते हुए मध्य प्रदेश का अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण के सामने अपनी टीम को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
मध्य प्रदेश के पहली पारी में नौ विकेट पर 291 रनों के जवाब में छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 311 रन बनाते हुए 20 रनों की बढ़त हासिल की। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश ने छह विकेट पर 150 रन बना लिए थे। अब मध्य प्रदेश टीम की कुल बढ़त 130 रनों की हो चुकी है। बेंगलुरू में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की टीम ने गुरुवार सुबह चार विकेट पर 217 रनों से आगे पारी बढ़ाई।
क्रीज पर विकल्प तिवारी के साथ अमनदीप मौजूद थे। दोनों ने सुबह के सत्र में डटकर खेलते हुए पहले सत्र में विकेट की नमी का फायदा मध्य प्रदेश के गेंदबाजों को नहीं मिलने दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े। रनों से ज्यादा महत्वपूर्ण 20 ओवर का वह समय था जो दोनों ने मध्य प्रदेश से छीना। अमनदीप खरे को तेज गेंदबाज रवि किरण ने एलबीडब्ल्यू आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
अमनदीप ने 56 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली। इसके बाद विकल्प को अनुभवी जयंत यादव का साथ मिला। दोनों के बीच छठवें विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि इस बार रनों की रफ्तार तेज रही। विकल्प अर्धशतक के करीब पहुंचकर गलती कर बैठे। वे 46 रनों की पारी खेलकर अधीरप्रताप सिंह की गेंद पर अथर्व महाजन को कैच थमा बैठे।
इस दौरान उन्होंने 100 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। इसके बाद निचलेक्रम के बल्लेबाज गलतियां करके विकेट गंवाते चले गए, लेकिन जयंत यादव ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 94 गेंदों पर 42 रनों का योगदान दिया। तेज गेंदबाज रवि किरण और कुमार कार्तिकेय सिंह ने तीन-तीन बल्लेबाजों को आउट किया। अधीरप्रताप सिंह और वेंकटेश अय्यर ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में मध्य प्रदेश की दूसरी पारी पारी में शुरुआत खराब रही।
ओपनर यश दुबे सिर्फ एक रन बनाकर चलते बने तो अजय रोहेरा भी 14 रनों की पारी खेलकर पवैलियन लौट गए। पहली पारी में शतक बनाने वाले कप्तान शुभम शर्मा को संदीप वारियर ने खाता भी नहीं खोलने दिया। इस बीच हिमांशु मंत्री ने एक छोर थामते हुए संघर्ष जारी रखा। दूसरे छोर पर वेंकटेश अय्यर ने 29 रनों की तेज पारी खेली और जयंत यादव का शिकार बने।
दिन का खेल समाप्त होने तक हिमांशु मंत्री के साथ कुमार कार्तिकेय सिंह क्रीज पर मौजूद थे। हिमांशु अब तक 140 गेंदों की पारी में 67 रन बना चुके हैं। इसमें एक छक्का और पांच चौके शामिल हैं। वहीं कुमार कार्तिकेय 17 रन बनाकर उनके साथ बने हुए हैं।