बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रही 'हनुमान अंश', अगले पार्ट में नजर आएंगे विराट-अनुष्का? प्रोड्यूसर ने दिया बड़ा हिंट
फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सिनेमा और क्रिकेट दोनों जगत के फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है।
Publish Date: Thu, 10 Sep 2026 02:21:47 PM (IST)Updated Date: Thu, 10 Sep 2026 02:24:34 PM (IST)
HighLights
- विराट और अनुष्का के कैमियो पर आया बड़ा अपडेट
- सिनेमा और क्रिकेट दोनों जगत के फैंस का उत्साह बढ़ा
- नीम करोली बाबा में दोनों की है गहरी आस्था
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' (Hanuman Ansh) शानदार कमाई कर रही है। फिल्म में एक्टर शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा (Neem Karoli Baba) का बेहतरीन किरदार निभाया है।
अब फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सिनेमा और क्रिकेट दोनों जगत के फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है।
विराट और अनुष्का के कैमियो पर बड़ा अपडेट
हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर ने सार्वजनिक तौर पर यह इच्छा जताई थी कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा इस फिल्म को देखें। अब बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने संकेत दिए हैं कि 'हनुमान अंश' के आने वाले पार्ट्स में यह स्टार कपल (विराट-अनुष्का) कैमियो करता नजर आ सकता है।
नम्रता ने बताया कि उन्होंने कुछ बड़ी हस्तियों से संपर्क किया है, जिन्हें इस प्रोजेक्ट के बारे में पहले से ही जानकारी थी।
नीम करोली बाबा में कपल की गहरी आस्था
यह किसी से छिपा नहीं है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की नीम करोली बाबा में गहरी आस्था है। यह कपल अक्सर वक्त निकालकर बाबा के कैंची धाम आश्रम में दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचता है। इसी आस्था को देखते हुए उनके कैमियो की खबरों को और भी बल मिल रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का धमाल
7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट साबित हुई है। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, महज 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी इस फिल्म ने 33 दिनों के अंदर बॉक्स ऑफिस पर 143.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और 169.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
अगले महीने एक्शन में लौटेंगे विराट कोहली
क्रिकेट के मोर्चे पर बात करें तो विराट कोहली आखिरी बार इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे, जहां 3 मैचों की सीरीज में उन्होंने 2 शानदार अर्धशतक जड़े थे। टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली अब सिर्फ वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं।
अक्टूबर में भारतीय टीम न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली है। इस अहम दौरे पर पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। उम्मीद है कि कोहली इस दौरे पर वनडे सीरीज में खेलते हुए मैदान पर वापसी करेंगे।