IPL 2026 के बाद भारत की अगली सीरीज से बुमराह और गिल बाहर! इन स्टार खिलाड़ियों को मिल सकता है ब्रेक
वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता नए खिलाड़ियों को मौका देने पर विचार कर रहे हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 21 Apr 2026 03:20:03 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Apr 2026 03:21:42 PM (IST)
अफगानिस्तान टेस्ट मैच में बुमराह और गिल को मिल सकता है आराम (फाइल फोटो)HighLights
- IPL और टेस्ट के बीच कम समय का अंतर
- नए खिलाड़ियों को मौका देने पर विचार जारी
- जून में भारत का व्यस्त अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल
स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के सामने बेहद व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए खिलाड़ियों के वर्कलोड को संतुलित करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। आगामी सीरीज के लिए टीम चयन से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस और थकान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अफगानिस्तान टेस्ट से पहले कम समय
भारत और अफगानिस्तान (IND Vs AFG) के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 से 10 जून के बीच मुल्लांपुर में खेला जाएगा। IPL फाइनल और इस टेस्ट मैच के बीच बहुत कम समय का अंतर है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि प्रमुख खिलाड़ियों को इस मुकाबले से आराम दिया जा सकता है और उन्हें बाद की वनडे सीरीज में शामिल किया जाए।
स्टार खिलाड़ियों को मिल सकता है आराम
रिपोर्ट्स के अनुसार, कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को इस टेस्ट मैच से बाहर रखा जा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय इस बात पर निर्भर करेगा कि आईपीएल में ये खिलाड़ी कितनी देर तक खेलते हैं। यदि उनकी टीमें प्लेऑफ में नहीं पहुंचती हैं, तो उनके इस मैच में खेलने की संभावना भी बन सकती है।
वर्कलोड मैनेजमेंट बना प्राथमिकता
यह टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत नहीं आता, इसलिए टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव डालने से बचना चाहता है। चयनकर्ता इस दौरान नए खिलाड़ियों को मौका देने पर भी विचार कर रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर नजर रखी जा रही है।
नए चेहरों को मिल सकता है मौका
तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुधार ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। इसके अलावा हर्ष दुबे, आकिब नबी और देवदत्त पडिक्कल भी चयन की दौड़ में शामिल हैं। गेंदबाजी विभाग में नितीश कुमार रेड्डी को भी मौका मिल सकता है।
चयन प्रक्रिया पर नजर
एक सूत्र के अनुसार, चयन समिति जल्दबाजी में निर्णय नहीं लेती और खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट और मेडिकल टीम की सलाह के आधार पर अंतिम टीम तय की जाएगी। वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए ही खिलाड़ियों को आराम देने या खिलाने का निर्णय लिया जाएगा।
भारत का व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम
जून महीने में भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज खेलनी है। इसके बाद आयरलैंड के खिलाफ T20 सीरीज और इंग्लैंड दौरे पर तीन टी20 व तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। इसके तुरंत बाद 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज भी निर्धारित है।