ग्वालियर के यशवर्धन की कप्तानी में भारत ने रचा इतिहास, श्रीलंका को 211 रन से हराकर जीती यूथ टेस्ट सीरीज
भारत ने अब तक श्रीलंका के खिलाफ खेली गई छह यूथ टेस्ट सीरीज में चौथी बार जीत दर्ज की है, जबकि दो सीरीज ड्रॉ रही हैं। खास बात यह है कि भारत आज तक श्रीलं...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Jul 2026 03:50:37 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Jul 2026 03:52:18 PM (IST)
ट्रॉफी के साथ भारतीय टीम। सौजन्य सोशल मीडियाHighLights
- सिंधिया स्कूल के छात्र की कप्तानी का जलवा
- श्रीलंका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत
- श्रीलंका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत
डिजिटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर के होनहार क्रिकेटर और भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान यशवर्धन सिंह चौहान ने अपनी शानदार कप्तानी से भारत को ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। भारत ने दूसरे यूथ टेस्ट में श्रीलंका को 211 रनों के बड़े अंतर से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। यह यूथ टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से श्रीलंका के खिलाफ भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
ट्रॉफी ग्रहण करते भारतीय कप्तान यशवर्धन सिंह चौहान। सौजन्य सोशल मीडिया
सिंधिया स्कूल का छात्र है कप्तान
ग्वालियर निवासी यशवर्धन सिंह चौहान, जो सिंधिया स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र हैं, मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध चंबल डिवीजन का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी अगुआई में भारतीय टीम ने पूरी श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और उपलब्धि अपने नाम की। भारत ने अब तक श्रीलंका के खिलाफ खेली गई छह यूथ टेस्ट सीरीज में चौथी बार जीत दर्ज की है, जबकि दो सीरीज ड्रॉ रही हैं। खास बात यह है कि भारत आज तक श्रीलंका से कोई यूथ टेस्ट सीरीज नहीं हारा है।
176 रन पर साझेदारी टूटने के बाद दबाव में आ गई टीम
मैच की चौथी पारी में 472 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम अंतिम दिन 155/4 के स्कोर से आगे खेलने उतरी। कप्तान विमथ दिनसारा (64) और कविजा गमागे (36) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन 176 रन पर साझेदारी टूटने के बाद पूरी टीम दबाव में आ गई। श्रीलंका ने अपने अंतिम छह विकेट महज 84 रन जोड़कर गंवा दिए और पूरी टीम 260 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से लेग स्पिनर रोहित यादव ने चार विकेट लेकर जीत की नींव मजबूत की।
इस मुकाबले में मध्य प्रदेश के एक और युवा खिलाड़ी मनल चौहान ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में 150 और दूसरी पारी में नाबाद 51 रन बनाकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया।