लड़कों को टक्कर देते हुए भारतीय टीम तक पहुंची छत्तीसगढ़ की ये बिटिया, ऑफ स्पिनर महक को श्रीलंका सीरीज के लिए उप कप्तान की मिली जिम्मेदारी
शहर के मैदानों में घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में लड़कों की टीम में महिला खिलाड़ी का एक नाम हमेशा लोगों को चौंकाता रहा। वो नाम था महक नरवासे। महक अब ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 11 Jun 2026 06:52:31 PM (IST)Updated Date: Thu, 11 Jun 2026 06:53:26 PM (IST)
बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम में महक नरवासे को शामिल किया।HighLights
- राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के कैंप में प्रशिक्षण ले रही थीं
- आर अश्विन सी गेंदबाजी, फिल्डिंग में फुर्तीली हैं महक
- बीसीसीआई ने महिला अंडर-19 टीम में नरवासे को शामिल किया
विक्रम बाजपेयी, राजनांदगांव। शहर के मैदानों में घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में लड़कों की टीम में महिला खिलाड़ी का एक नाम हमेशा लोगों को चौंकाता रहा। वो नाम था महक नरवासे। आठ साल तक लड़कों को टक्कर देती रही महक अब भारतीय टीम तक पहुंच चुकी है।
गुरुवार को बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम की घोषणा की, जिसमें महक नरवासे को न सिर्फ शामिल किया गया बल्कि उपकप्तान जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी है। महक का चयन पिछले कुछ वर्षों में लगातार किए गए प्रदर्शन का परिणाम है। छत्तीसगढ़ की अंडर-19 और अंडर-23 टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने अपने खेल के साथ नेतृत्व क्षमता भी विकसित की। राज्य टीम की नियमित सदस्य के रूप में वह तीन वर्षों से लगातार प्रभाव छोड़ती रही हैं।
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के कैंप में प्रशिक्षण ले रही थीं
राजनांदगांव के कौरिनभाठा क्षेत्र की रहने वाली महक वर्तमान में बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के कैंप में प्रशिक्षण ले रही थीं। यहीं से उन्हें भारतीय टीम के कैंप के लिए चुना गया और बाद में अंतिम टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी मिली। श्रृंखला में कुल छह मुकाबले होने है जिसक शुरुआत 22 जून को चेन्नई से होगी।
आर अश्विन सी गेंदबाजी, फिल्डिंग में फुर्तीली हैं महक
महक दाएं हाथ की ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत गेंदबाजी में विविधता मानी जाती है। बल्लेबाजों को पढ़ने और परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी में बदलाव करने की उनकी क्षमता उन्हें अलग पहचान देती है। क्रिकेट विशेषज्ञ उनके खेल में भारतीय स्पिनर आर. अश्विन जैसी प्रयोगधर्मिता देखते हैं।
मैदान पर उनकी फुर्तीली फील्डिंग भी चयनकर्ताओं को प्रभावित करती रही है। महक ने केवल गेंद से ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण मौकों पर बल्ले से भी टीम को संभाला है। दबाव की स्थिति में उपयोगी पारियां खेलने की क्षमता ने उन्हें टीम का भरोसेमंद खिलाड़ी बनाया।
नेट्स में लड़कों छकाती रही
महक के क्रिकेट करियर की एक खास बात यह भी रही कि शुरुआती वर्षों में उन्हें लड़कों के साथ अभ्यास करना पड़ा। महिला खिलाड़ियों की संख्या कम होने के कारण उन्होंने नेट्स और मैचों में लड़कों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपने खेल को निखारा। वे बल्लेबाजों को अक्सर अपनी नई गेंद से छका देती थीं।
यहां तक कि वे घरेलू प्रतियोगिताओं में भी लड़कों की टीम से खेलकर अपनी प्रतिभा से लोगों को चौंका चुकी है। तेज प्रतिस्पर्धा ने उनकी तकनीक और आत्मविश्वास दोनों को मजबूत किया।
रायपुर में स्वागत, आज आएंगी शहर
गुरुवार शाम महक के छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। उनके स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। शुक्रवार को वह अपने गृह नगर राजनांदगांव पहुंचेंगी। भारतीय टीम में उपकप्तान के रूप में चयन ने न केवल राजनांदगांव, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत को नई पहचान दिलाई है।