MPL 2026: अजय के शतकीय प्रहार से लायंस अजेय, जबलपुर रॉयल लायंस की लगातार तीसरी जीत
अजय रोहेरा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत जबलपुर टीम ने मालवा स्टालियंस को 54 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। जबलपुर रायल लायंस ने पहले बल्लेबाजी क ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 01:41:06 PM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 01:46:59 PM (IST)
शतकीय पारी के दौरान शाट खेलते जबलपुर रायल लायंस के बल्लेबाज अजय रोहेरा। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- पुडुचेरी की टीम छोड़कर मध्य प्रदेश लीग में खेलने आए अजय रोहेरा ने बल्ले से अपनी उपयोगिता साबित की
- जबलपुर रॉयल लायंस के लिए खेलते हुए अजय ने शतकीय पारी खेली, उन्हें कोई गेंदबाज आउट नहीं कर पाया
- रोहेरा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत जबलपुर टीम ने मालवा स्टालियंस को 54 रन से हराया
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पुडुचेरी की टीम छोड़कर मध्य प्रदेश लीग में खेलने आए अजय रोहेरा ने बल्ले से अपनी उपयोगिता साबित की। जबलपुर रायल लायंस के लिए खेलते हुए अजय ने शतकीय पारी खेली। उन्हें कोई गेंदबाज आउट नहीं कर पाया।
रोहेरा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत जबलपुर टीम ने मालवा स्टालियंस को 54 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। जबलपुर रायल लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में मालवा स्टालियंस टीम 18.4 ओवर में 151 रनों पर सिमट गई। मध्य प्रदेश की इस सबसे बड़ी लीग का मीडिया पार्टनर नईदुनिया है।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में शनिवार को जबलपुर रायल लायंस की पारी अजय रोहेरा के इर्द-गिर्द घूमती रही। रोहेरा ने सिर्फ 65 गेंदों पर नाबाद 130 रन बनाए और अपनी टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। लायंस की शुरुआत शानदार रही और सलामी बल्लेबाज अर्पित गौड़ तथा रोहेरा ने पहले विकेट के लिए पांच ओवर के भीतर 48 रन जोड़े। हालांकि, गौड़ के 22 रन पर आउट होने के बाद टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरने लगे।
एक समय रायल लायंस का स्कोर 74 रनों पर चार विकेट हो गया था। मगर रोहेरा ने एक छोर थामे रहा। उन्होंने इसके बाद वेदांत अवस्थी के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़कर पारी को संभालने का प्रयास किया। अवस्थी ने 11 गेंदों पर तेजी से 20 रन बनाए, लेकिन जल्द ही आउट हो गए। दूसरे छोर पर विकेट गिरने के बावजूद रोहेरा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने शानदार शतक जड़ा और पूरे मैच के दौरान गेंदबाजों पर हावी रहे। उनकी यह पारी इस सीजन का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी बन गई। रोहेरा की नाबाद पारी में नौ चौके और नौ छक्के शामिल रहे। अंत में संजोग निज्जर ने 15 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया और टीम को 200 रन के आंकड़े के पार पहुंचाने में मदद की। मालवा स्टालियंस की ओर से प्रशांत कसड़े सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालवा स्टालियंस की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहले तीन ओवर में ही 17 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सक्षम पुरोहित और सितारा बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। आशुतोष लय में नजर आ रहे थे, लेकिन उनके आउट होने से पारी लड़खड़ा गई। नयन मेवाड़ा की गेंद पर पंकज पटेल ने आशुतोष को लपका।
उन्होंने 23 गेंदों में 30 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। इसके बाद स्टालियंस लगातार विकेट गंवाती रही और 15 ओवर तक उनका स्कोर छह विकेट पर 113 हो गया। अखिल निगोटे यादव और सचिन विश्वकर्मा ने सातवें विकेट के लिए 24 रन जोड़कर संघर्ष किया, लेकिन पुनीत दाते ने अखिल को 17 रन के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। अंततः मालवा स्टालियंस की पूरी टीम 18.4 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। जबलपुर रायल लायंस की ओर से पुनीत दाते ने 3.4 ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि नयन मेवाड़ा ने भी चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
मैं अंत तक बल्लेबाजी करना चाहता था : रोहेरा
अपनी शतकीय पारी पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय रोहेरा ने कहा- टीम में मेरी भूमिका बिल्कुल स्पष्ट है, जिम्मेदारी लेना और अंत तक बल्लेबाजी करना। टी-20 मैचों में स्ट्राइक रेट महत्वपूर्ण है, लेकिन सबसे बड़ा लक्ष्य टीम को जीत दिलाना होता है। मैच से पहले हमारी योजना सरल थी। गेंद के अनुसार खेलना, परिस्थितियों का आकलन करना और मैच के अनुसार सकारात्मक प्रतिक्रिया देना।