MPL 2026: अरहम ने किसी गेंदबाज पर नहीं किया रहम, जमाया शतक, रीवा जैगुआर्स ने उज्जैन फाल्कन्स को हराया
उज्जैन फाल्कन्स की पारी में कप्तान चंचल राठौर ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 38 गेंदों में धुआंधार 71 रन बनाए, जिसमें छह छक्के और पांच चौके शामिल थे ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 11:27:10 AM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 11:27:10 AM (IST)
शतकीय पारी के दौरान शॉट खेलते रीवा जैगुआर्स के बल्लेबाज अरहम अकील। (राजू पवार)HighLights
- जीत के हीरो अरहम अकील रहे, जिनके बल्ले से शतकीय पारी निकली
- अरहम ने 49 गेंदों में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से 107 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली
- उज्जैन फाल्कन्स की पारी में कप्तान चंचल राठौर ने शानदार बल्लेबाजी की
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग टी-20 टूर्नामेंट के मैच में उज्जैन फाल्कन्स ने चार विकेट पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे रीवा के जैगुआर्स ने ऐसी दौड़ लगाई कि एक ओवर पहले ही जीत हासिल कर ली।
इस जीत के हीरो अरहम अकील रहे, जिनके बल्ले से शतकीय पारी निकली। अरहम ने 49 गेंदों में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से 107 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। मप्र की इस सबसे बड़ी लीग का मीडिया पार्टनर नईदुनिया है।
उज्जैन फाल्कन्स की पारी में कप्तान चंचल राठौर ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 38 गेंदों में धुआंधार 71 रन बनाए, जिसमें छह छक्के और पांच चौके शामिल थे। हालांकि दूसरे ओवर में ही सोहम पटवर्धन के रूप में टीम को बड़ा झटका लगा। इसके बाद राठौर को यश दुबे की जोड़ी ने 90 रन की अहम साझेदारी खेली।
दुबे 40 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे। राठौर के आउट होने के बाद उज्जैन को बड़ा झटका लगा जब टीम ने अपने स्टार बल्लेबाज माधव तिवारी का विकेट भी गंवा दिया। माधव 13 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। ऐसे में दुबे एक छोर पर डटे रहे और उन्हें ओजस्व यादव का साथ मिला, जिन्होंने शानदार छोटी लेकिन आकर्षक पारी खेली। इस जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 64 रन जोड़े, जिसमें यादव ने सिर्फ 14 गेंदों पर 44 रन बनाए। पारी के दौरान उन्होंने छह लंबे छक्के भी जमाए। इसके बाद आर्यन पांडे ने सिर्फ नौ गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाकर पारी को शानदार ढंग से खत्म किया।
जवाब में रीवा जैगुआर्स की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर और अक्षत रघुवंशी ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। मगर इसके बाद लगातार विकेट गिरने से पारी डगमगा गई। ऐसे में अरहम अकील और सागर सोलंकी ने चौथे विकेट के लिए 66 रनों की अहम साझेदारी करके टीम की उम्मीदें फिर से जगा दीं। सोलंकी 20 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे छोर पर अकील ने अपना शानदार फार्म जारी रखा। जैगुआर्स को एक और झटका तब लगा जब अंकित कुशवाहा सिर्फ एक रनों पर डगआउट लौट गए। अकील को अथर्व महाजन का बेहतरीन साथ मिला। इस जोड़ी ने 74 रनों की नाबाद साझेदारी करते हुए एक ओवर बाकी रहते ही रीवा जैगुआर्स को जीत दिलाई। अकील ने सिर्फ 49 गेंदों पर शानदार नाबाद 107 रन बनाए जबकि महाजन ने 17 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर पारी को शानदार ढंग से खत्म किया।