
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। चंबल घड़ियाल्स ने शानदार आलराउंड प्रदर्शन करते हुए मप्र लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में भोपाल लैपर्ड्स को पांच विकेट से हराकर जीत हासिल की। मैचों के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मध्य प्रदेश की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का मीडिया पार्टनर नईदुनिया है।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल लैपर्ड्स ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 142 रन बनाए। जवाब में चंबल घड़ियाल्स ने 19.1 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए चंबल घड़ियाल्स ने शुरुआती झटके के बाद अपूर्व द्विवेदी ने 17 गेंदों में 26 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल थे।
कप्तान शुभम शर्मा ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उन्हें गौतम रघुवंशी (17 रन) का अच्छा साथ मिला। अंत में अमन भदौरिया ने मात्र आठ गेंदों में नाबाद 22 रन बनाकर मैच शानदार अंदाज में समाप्त किया। उनकी पारी में तीन शानदार छक्के शामिल रहे।
इससे पहले भोपाल लैपर्ड्स के सलामी बल्लेबाज तनिष्क यादव ने तेज शुरुआत दिलाते हुए 20 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे। इसके बाद अंश बगाड़िया ने 31 गेंदों में 34 रन की संयमित पारी खेली, जबकि हिमांशु शिंदे ने 18 रन का योगदान दिया। हालांकि टीम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ी साझेदारियां नहीं बना सकी।
विकेट गिरने से बल्लेबाजीक्रम पर दबाव भी बढ़ता गया। चंबल घड़ियाल्स की ओर से संदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 17 रन देकर चार विकेट झटके। त्रिपुरेश सिंह ने दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जबकि अमन भदौरिया, मयूर सिंह पटेल और मधुर सेठ ने एक-एक बल्लेबाज को डगआउट लौटाया।
आनंद बैस (56 गेंद, 64 रन) की आक्रामक अर्धशतकीय पारी की मदद से रायल निमाड़ ईगल्स ने मप्र लीग टी-20 टूर्नामेंट के मैच में रीवा जैगुआर्स को तीन विकेट से पराजित किया। डेली कालेज मैदान में तेज गर्मी के बीच खेले गए मैच में रीवा जैगुआर्स की बल्लेबाजी असफल रही। टीम ने आठ विकेट पर 130 रन बनाए।
टीम के सितारा बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना डगआउट लौट गए। पूरी टीम में अरहम अकील (29 गेंद, 33 रन) और अथर्व महाजन (28 गेंद, 33 रन) के अलावा अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। जवाब में रायल निमाड़ ईगल्स की भी शुरुआत खराब रही।
11 रनों पर दो विकेट गंवाने के बावजूद टीम ने 19.3 ओवर में लक्ष्य पा लिया। टीम के कप्तान सारांश जैन ने 26 गेंदों पर 28 रन बनाए। इस दौरान चार चौके लगाए। उन्होंने और आनंद बैस ने मध्यक्रम को संभाला और टीम को जीत के करीब ले गए।