MPL 2026: ग्वालियर के चीतों ने गेंद और बल्ले से दिखाया कमाल, रजत पाटीदार की टीम की रोमांचक जीत
इंदौर के डेली कॉलेज में पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर चीतास ने चार विकेट पर 249 रन बनाए। जवाब में बुंदेलखंड बुल्स की टीम नौ विकेट पर 226 रन ही बना ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 01:59:10 PM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 01:59:10 PM (IST)
मैच के दौरान रजत पाटीदार। (फाइल फोटो)HighLights
- इंदौर के डेली कॉलेज में पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर चीतास ने चार विकेट पर 249 रन बनाए
- जवाब में बुंदेलखंड बुल्स की टीम नौ विकेट पर 226 रन ही बना सकी
- ग्वालियर चीतास के पार्थ चौधरी ने सिर्फ 46 गेंदों पर 95 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के शामिल थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ग्वालियर चीतास ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में बुंदेलखंड बुल्स को 23 रनों से हराया। नईदुनिया इस लीग का मीडिया पार्टनर है।
इंदौर के डेली कॉलेज में पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर चीतास ने चार विकेट पर 249 रन बनाए। जवाब में बुंदेलखंड बुल्स की टीम नौ विकेट पर 226 रन ही बना सकी। ग्वालियर चीतास के पार्थ चौधरी ने सिर्फ 46 गेंदों पर 95 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बेहतरीन फार्म को जारी रखा।
शुरुआत में एक विकेट गिरने के बाद चौधरी ने दूसरे विकेट के लिए कुलदीप गेही के साथ 106 रनों की अहम साझेदारी की, जिससे बुल्स के गेंदबाज दबाव में आ गए। शतक की ओर बढ़ रहे चौधरी कुलदीप सेन की गेंद पर हिट विकेट आउट हो गए। इसके बाद कुलदीप गेही और कप्तान रजत पाटीदार ने क्रमशः 48 और 36 रनों की शानदार पारियां खेलकर टीम को अच्छा सहारा दिया। इन दोनों के आउट होने के बाद भी टीम की रनगति प्रभावित नहीं हुई। अर्पित पटेल ने निचलेक्रम में जिम्मेदारी संभालते हुए 11 गेंदों पर 35 रन बनाए और चीतास को 250 रनों के स्कोर के करीब पहुंचा दिया।
मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए बुंदेलखंड बुल्स ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान अभिषेक पाठक ने पावरप्ले में हमला बोलते हुए सिर्फ 20 गेंदों पर 76 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने नौ छक्के भी लगाए। बुंदेलखंड टीम पहले छह ओवरों में ही 105 रन तक पहुंच गई थी। अभिषेक ने अपनी पारी में सिर्फ 25 गेंदों पर कुल 84 रन बनाए। मगर ग्वालियर चीतास ने अनुशासित गेंदबाजी और सही समय पर विकेट लेकर मैच में वापसी की। अनुभव अग्रवाल ने दो अहम विकेट लिए, जबकि आकाश रघुवंशी और कार्तिक परिहार ने भी दो-दो विकेट लेकर अपना योगदान दिया। अंत में बुंदेलखंड बुल्स लक्ष्य से 23 रन पीछे रहते हुए मैच हार गई।