
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रायल निमाड़ ईगल्स ने मप्र लीग टी-20 टूर्नामेंट के हाई स्कोरिंग मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स को 27 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ईगल्स ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 252 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में उज्जैन फाल्कन्स टीम आठ विकेट पर 225 रन ही बना सकी।
मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का मीडिया पार्टनर नईदुनिया है। डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए मैच में रायल निमाड़ ईगल्स टीम की ओर से सभी बल्लेबाजों ने न सिर्फ महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि तेजी से रन भी बनए। धर्मेश पटेल और हिमांशु मंत्री की प्रारंभिक जोड़ी ने पहले पांच ओवरों में ही 50 रन जोड़ दिए।
धर्मेश पटेल ने 21 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि हिमांशु मंत्री 12 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी रनों की रफ्तार थमी नहीं। कनिष्क दुबे और फार्म में चल रहे आनंदसिंह बैस ने पारी की कमान संभाल ली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 106 रन की शानदार साझेदारी कर फाल्कन्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
कनिष्क दुबे ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 31 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और दो चौके शामिल रहे। आनंद बैस तो उनसे भी ज्यादा आक्रामक अंदाज में थे। आनंद ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए सिर्फ 40 गेंदों पर 78 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल थे।
अंतिम ओवरों ने अभिषेक मावी ने भी अपने बल्ले की चमक दिखाते हुए सिर्फ 17 गेंदों में नाबाद 55 रन ठोक दिए। मावी ने अपनी विस्फोटक पारी में आठ छक्के और एक चौका लगाया, जिसकी बदौलत ईगल्स टीम 250 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही। जवाब में उज्जैन फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान चंचल राठौर और यश दुबे पहले तीन ओवरों में ही आउट हो गए और टीम का स्कोर दो विकेट पर 22 रन हो गया।
बड़ा लक्ष्य और शुरूआत में ही दो विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। शीर्ष क्रम में ओजस्व यादव ने अकेले संघर्ष करते हुए 23 गेंदों पर 45 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने तक टीम का स्कोर 101 रन पर पांच विकेट हो चुका था। इसके बाद अंकुर चौहान और ऋषि मिगलानी ने कुछ बड़े शाट लगाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की।
मिगलानी ने 13 गेंदों पर 29 रन बनाए, जबकि अंकुर चौहान ने 29 गेंदों में 50 रन की जुझारू पारी खेली। अंत में हर्षवर्धन हार्डिया ने 12 गेंदों पर नाबाद 41 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मुकाबले को रोचक बनाया, लेकिन फाल्कन्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 225 रन ही बना सकी।
अपनी शानदार पारी के बाद आनंद बैस ने कहा- हमारे ओपनर्स ने बेहतरीन शुरुआत दी, जिससे हम अपनी योजना के अनुसार पारी को आगे बढ़ा सके। हमारा लक्ष्य पावरप्ले में सकारात्मक क्रिकेट खेलना, स्ट्राइक रोटेट करना और सोच-समझकर जोखिम लेना था। हमें पता था कि अगर आखिरी ओवरों तक विकेट हाथ में रहे तो हमारा मध्यक्रम और फिनिशर्स तेजी से रन बना सकते हैं। हमारी यही रणनीति सफल रही।