
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। उज्जैन फाल्कन्स ने मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप में गत चैंपियन भोपाल लैपर्ड्स को 16 रनों हराकर लीग में जबर्दस्त वापसी की है। इस जीत में यश दुबे और आइपीएल स्टार माधव तिवारी का उल्लेखनीय योगदान रहा, जिन्होंने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। होलकर स्टेडियम में फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट पर 195 रन बनाए।
कप्तान चंचल राठौर (8), सोहम पटवर्धन (0) और दर्शन राठौर (2) के शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने के बाद यश दुबे (54) ने हर्षवर्धन हार्डिया के साथ 53 रनों की साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। पारी के महत्वपूर्ण दौर में माधव तिवारी ने मोर्चा संभाला और फाल्कन्स को एक चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। माधव 28 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस पारी के साथ ही माधव के चार मैचों में कुल 194 रन हो गए हैं और वह ऑरेंज कैप के हकदार बने। फाल्कन्स के ओजस्व यादव (15) और रिषी मिलानी (15) ने ताबड़तोड़ रन बटोरते हुए उज्जैन को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भोपाल के लिए हिमांशु शिंदे ने दो रन देकर दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भोपाल को तनिष्क यादव (42) और राहुल चंद्रोल ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
13 गेंदों पर 31 रन बनाने वाले चंद्रोल के आउट होने के साथ ही परिस्थितियां बदल गईं। भोपाल लगातार अंतराल में विकेट गंवाता चला गया और इससे उबर नहीं सका। अंत में टीम सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी। माधव ने 26 रन देकर दो विकेट लिए। आयुष मांकड़ ने 25 रन देकर दो विकेट लिए। अब वह पर्पल कैप के हकदार बने।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रीवा जैगुआर्स ने मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप के सोमवार को खेले गए मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स की टीम को 31 रनों से मात दे दी। इंदौर के स्टार खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर एक बार फिर बल्ले से छाप छोड़ने में असफल रहे।
डेली कॉलेज मैदान पर रीवा जैगुआर्स ने अनंत वर्मा और सागर सोलंकी के आक्रामक अर्धशतकों की मदद से 20 ओवरों में पांच विकेट पर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर (22) और अक्षत रघुवंशी (18) ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। विकेटकीपर बल्लेबाज अनंत वर्मा ने 37 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की पारी खेली। उन्हें सागर सोलंकी का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 28 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली।
दोनों ने चौथे विकेट के लिए तेजी से 100 रनों की। इंदौर पिंक पैंथर्स ने कड़ा संघर्ष किया लेकिन अंततः 19.3 ओवरों में 178 रनों पर सिमट गई। इंदौर के अवेंकटेश अय्यर 21 गेंदों पर मात्र 19 रन बनाए। शिवम शुक्ला ने 17 गेंदों पर 36 रन बनाते हुए टीम के लिए संघर्ष जारी रखा, लेकिन वह नाकाफी रहा।