
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर पिंक पैंथर्स ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश लीग टी-20 सिंधिया कप के मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स को 25 रन से पराजित किया। होलकर स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए।
टीम के लिए शुभम राठौर ने अंत में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 19 गेंदों में नाबाद 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। पैंथर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अथर्व जोशी सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि महफूज पटेल ने 14 गेंदों में 11 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान वेंकटेश अय्यर और सिद्धार्थ पाटीदार ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। अय्यर 21 गेंदों में 32 रन बनाकर डगआउट लौट गए। इसके बाद मध्यक्रम के अन्य बल्लेबाज उल्लेखनीय योगदान नहीं दे सके।
टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अंत में शुभम राठौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। बुंदेलखंड बुल्स की ओर से कुलदीप सेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 रन देकर तीन विकेट लिए। हर्षित परसाई ने चार ओवर में 31 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया। 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की।
मगर हर्ष गावली (13 गेंदों में 17 रन) के आउट होने के बाद टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। पैंथर्स के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए और 14.5 ओवर में बुल्स का स्कोर छह विकेट पर 109 रन हो गया। इसके बाद बुंदेलखंड बुल्स मैच में वापसी नहीं कर सकी और अंतिम गेंद पर 147 रन पर आलआउट हो गई।
कप्तान वेंकटेश अय्यर ने दो ओवर में तीन विकेट चटकाए। शुभम राठौर ने मैच के बाद कहा- टप्पे के बाद गेंद काफी रुक कर आ रही थी। हमें लगा कि 170-175 रन का स्कोर काफी प्रतिस्पर्धी रहेगा। कुछ विकेट जल्दी गिरने के बाद मुझे जिम्मेदारी लेनी थी और अंत तक बल्लेबाजी करनी थी।
यह भी पढ़ें : MPL 2026: चंबल के घड़ियाल्स का मुकाबला नहीं कर सके भोपाल लैपर्ड्स