
खेल डेस्क। भारत ने न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में हराकर एक बार फिर से टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है। भारत की जीत का जश्न पूरे देश में दीवाली की तरह मनाया जा रहा है। इंदौर-भोपाल के साथ-साथ देवास, लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, मेरठ और नोएडा में क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे फोड़कर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। भारतीय क्रिकेट टीम को जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है।
रविवार को भारतीय टीम की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा, शाबाश, टीम इंडिया! उन्होंने कहा, आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया!
Champions!
Congratulations to the Indian team on winning the ICC Men’s T20 World Cup!
This remarkable triumph reflects exceptional skills, determination and teamwork. They have shown outstanding grit through the tournament.
This victory has filled every Indian heart with…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 8, 2026
भारत के तीसरी बार चैंपियन बनने पर लोग सड़कों पर उतर गए हैं, जहां उनका उत्साह चरम पर है। इस दौरान फैंस ने आतिशबाजी से जश्न मनाया। इस समय पूरा देश जीत की खुशी में डूबा हुआ है। लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और टीम इंडिया के लिए तालियां बजा रहे हैं।

खंडवा में टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर रंग पंचमी के दिन दिवाली जैसा जश्न मनाया गया। लोगों ने सड़कों पर उतरकर जमकर आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर टीम इंडिया की जीत का उत्सव मनाया। आखिरी पांच ओवर शेष रहने के साथ ही शहर में जीत का जश्न शुरू हो गया था जो और पूरे होने तक उत्सव में बदल गया। बॉम्बे बाजार चौराहे पर लोगों ने दिन में रंग पंचमी की गैर निकाल कर जश्न मनाया, वहीं रात में T20 क्रिकेट में भारत की जीत पर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
रंगपंचमी के उल्लास भरे माहौल के बीच भारत ने टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। जैसे ही भारतीय टीम ने निर्णायक जीत हासिल की तो उत्सव का माहौल बन गया। रंगों के पर्व रंगपंचमी पर होली और दीपावली जैसा माहौल बन गया। चारों तरफ रंग-गुलाल के साथ रंगीन आतिशबाजी ने भारत की जीत में चार चांद लगा दिए।
रविवार की छुट्टी पर सुबह जहां रंगपंचमी की गेर में शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया तो शाम होते ही मैच देखने के लिए लोग जुट गए। दो बत्ती, रेलवे स्टेशन परिसर, अलकापुरी सहित कई जगह बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। मैच खत्म होते ही शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में युवक-युवतियों के साथ महिला-पुरुषों, बच्च्चों की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में तिरंगा लिए युवा भारत माता की जय और इंडिया-इंडिया के नारे लगाते हुए जश्न मनाने लगे। कई स्थानों पर लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए जीत का स्वागत किया। रंगीन आतिशबाजी भी की गई
भारत ने न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में हराकर विश्व कप अपने नाम किया तो रंगपंचमी के दिन शहर में उत्साह चरम पर पहुंच गया। रंग-गुलाल के साथ हुई आतिशबाजी ने पूरे माहौल को दीवाली जैसा बना दिया। मैच खत्म होने से पहले ही शहर में जश्न शुरू हो गया था। रात को सयाजी द्वार पर बड़ी संख्या में युवा और कई परिवार पहुंचे और जमकर जश्न मनाया। जमकर आतिशबाजी की गई और युवाओं ने एक-दूसरे पर रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के तूफानी अर्धशतकों के दम पर टीम इंडिया ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से रौंदकर तीसरी बार विश्व विजेता का ताज पहना। इस जीत के साथ ही भारत टी-20 इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार दो बार ट्रॉफी जीती है और बतौर मेजबान टी-20 विश्व कप अपने नाम किया है।
इस ऐतिहासिक जीत ने 2023 वनडे विश्व कप के उन जख्मों को भी भर दिया, जब ऑस्ट्रेलिया ने इसी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सपना तोड़ा था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रनों पर सिमट गई।