
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की कोर टीम का हिस्सा रहे सहायक कोच रेयान टेन डोशेट ने नेशनल टीम से अलग होने की इच्छा जताई है। माना जा रहा है कि डोशेट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वापसी करना चाहते हैं और इसके लिए उनकी एक फ्रेंचाइजी से बातचीत भी अंतिम दौर में है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उन्हें रोकने के प्रयास में जुटा है।
पीटीआई के मुताबिक, डोशेट की इस नाराजगी के पीछे टीम में उनकी स्पष्ट भूमिका का न होना माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जब गंभीर के कहने पर उन्हें सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया गया था, तब उन्हें हेड फील्डिंग कोच बनाने का भरोसा दिया गया था। लेकिन दो साल बीतने के बाद भी ऐसा नहीं हुआ।
वर्तमान में टीम इंडिया के पास सितांशु कोटक के रूप में बैटिंग कोच हैं, जबकि गंभीर खुद बल्लेबाजों की मदद करते हैं। मोर्ने मोर्कल तेज गेंदबाजी और साईराज बहुतुले स्पिन विभाग संभाल रहे हैं, जिससे डोशेट के पास काम करने का ज्यादा दायरा नहीं बचा है।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: भारत के पास वानखेड़े में इतिहास रचने का मौका, लेकिन ये एक गलती कर बिगाड़ देगी पूरा खेल
दिलचस्प बात यह है कि बीसीसीआई साल 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के बाद फील्डिंग कोच टी दिलीप, सहायक कोच अभिषेक नायर और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच सोहम देसाई सहित कुछ अन्य स्टाफ को हटाने का मन बना चुकी थी। टी दिलीप वैसे भी हेड कोच गंभीर की पहली पसंद नहीं थे। लेकिन टीम के एक सीनियर खिलाड़ी की मजबूत पैरवी के कारण दिलीप को एक साल का एक्सटेंशन मिल गया।
इस फैसले के बाद डोशेट की भूमिका टीम में और ज्यादा सीमित हो गई। अब गेंद पूरी तरह हेड कोच गौतम गंभीर के पाले में है कि वे डोशेट को रुकने के लिए मना पाते हैं या नहीं।