अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने लिया टीम इंडिया से बदला, भारत के विजय रथ को रोका, 76 रनों से दी मात
T20 World Cup 2026: एडेन मार्करम की अगुवाई में साउथ अफ्रीका ने रविवार को टीम इंडिया को 76 रनों से रौंदकर बड़ी जीत दर्ज की है। टीम ने इसी के साथ भारत स ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Feb 2026 11:43:37 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Feb 2026 11:44:36 PM (IST)
सुपर-8 के मैच में टीम इंडिया की बड़ी हारHighLights
- सुपर-8 के मैच में टीम इंडिया की बड़ी हार
- साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया
- शिवम दुबे ने खेली 42 रनों की पारी
खेल डेस्क। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में रविवार को दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों के विशाल अंतर से हराकर सभी को चौंका दिया। टीम ने इसी के साथ पिछले वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार का बदला ले लिया है। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार है, जिसने ग्रुप-1 के समीकरणों को पूरी तरह उलझा दिया है।
ऐसा रहा मैच का हाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से मेहमान टीम की कमर तोड़ दी, जिससे प्रोटियाज टीम के 20 रन पर ही 3 विकेट गिर गए। हालांकि टीम इससे घबराई नहीं, जहां अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर और युवा सनसनी डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला।
मिलर ने यहां मात्र 35 गेंदों पर 63 रन कूटे, जिसमें उन्होंने भारतीय स्पिनरों को निशाना बनाया। इसके अलावा ब्रेविस ने 45 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। पारी के अंत में ट्रिस्टन स्टब्स ने हार्दिक पांड्या के आखिरी ओवर में 20 रन बटोरते हुए नाबाद 44 रन बनाए और टीम का स्कोर 187 तक पहुंचा दिया।
दबाव में बिखरा भारत का बैटिंग ऑर्डर
188 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम दबाव झेलने में नाकाम रही। मार्को जानसेन और लुंगी एनगिडी की नई गेंद के सामने ईशान किशन और तिलक वर्मा सस्ते में पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा भी एक शानदार कैच का शिकार हुए, जिससे भारत का स्कोर 26/3 हो गया।