
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। उज्जैन में हुई संभाग स्तरीय जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंदसौर की बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मंदसौर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए पूरे प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में उज्जैन संभाग के 7 जिलों तथा बालिका वर्ग में 6 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया।
सेमीफाइनल मुकाबले में मंदसौर ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शाजापुर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग में मंदसौर ने उज्जैन को 4-0 से शिकस्त दी। जबकि बालिका वर्ग में मंदसौर ने नीमच को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मंदसौर के लिए यह प्रतियोगिता इसलिए भी खास रही क्योंकि उज्जैन में मुकाबले चर्ट ग्राउंड पर आयोजित किए गए थे। अलग प्रकार के मैदान पर खेलने की चुनौती के बावजूद मंदसौर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में जीत हासिल की। बालक वर्ग में मंदसौर के लक्ष्य सकवाया ने चारों गोल किए।
बालिका वर्ग में सराहना राठौर, काव्या काला एवं मधु चावड़ा ने एक-एक गोल कर टीम को 3-0 से जीत दिलाई। टीम के साथ जनरल मैनेजर कीर्तिराजसिंह, कोच रवि कोपरगांवकर, वैभव चौरसिया, भरतसिंह, ओमप्रकाश गुर्जर, मीत चौहान, किरण कुमावत एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी तुषार परमार भी उपस्थित रहे।
मंदसौर। राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता मुरैना जिले में हुई। इसमें मंदसौर जिले के 15 खिलाड़ियों ने अपने-अपने वजन समूह में 9 स्व्र्ण व 6 रजत पदक जीते। जिला स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एसोसिएशन मंदसौर सचिव गगन कुरील ने बताया कि स्वतर्ण पदक जीतने वालों में शताक्षी ग्वाला, प्रशस्ति सिंह, मुनमुन चंद्रावत, रिद्धिमा कुंवर, तृषा कालरा, जागृति माली, युवी कोठारी, निशि पालीवाल, यशवंत कलमोदिया शामिल है। वहीं रजत पदक विनय गंधर्व, राजवीरसिंह, लक्ष्यराजसिंह, वेदांश पाटीदार, नैतिकराज सिंह, हिमांशी दुबे ने जीते।