महज 15 साल की उम्र में विश्व शूटिंग चैंपियनशिप टीम में चयन; जर्मनी में दिखेगा छत्तीसगढ़ का दम
जर्मनी के सुल शहर में आयोजित विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ के दो निशानेबाजों, सरगुजा के 15 वर्षीय कुंवर कार्तिक सिंह ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 02:30:18 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 02:30:18 PM (IST)
निशानेबाज कुंवर कार्तिक सिंह देव छत्तीसगढ़HighLights
- जर्मनी के सुल में पदक के लिए निशाना लगाएंगे सरगुजा के कुंवर कार्तिक
- विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के दो लाल
- निशाना लगाएंगे कार्तिक; सरगुजा में अभी से जश्न का माहौल
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा जिले के सीतापुर से लगे ग्राम चलता निवासी कुंवर कार्तिक सिंह देव जर्मनी के सुल शहर में आज से भारत के लिए पदक जितने के लिए निशाना लगाएंगे। विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयनित कुंवर कार्तिक सिंह देव जर्मनी के सुल शहर पहुंच चुके हैं और वहां अभ्यास में जुटे हैं। खास बात यह है कि जूनियर वर्ग में 21 वर्ष तक के खिलाड़ी शामिल होते हैं, लेकिन कुंवर कार्तिक का चयन महज 15 वर्ष की उम्र में ही हो गया है।
कुंवर कार्तिक सिंह देव विश्व चैंपियनशिप में दो स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष तथा 50 मीटर प्रोन जूनियर पुरुष शामिल हैं। इन दोनों स्पर्धाओं में राष्ट्रीय स्तर पर वे लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका भारतीय टीम में चयन किया गया है। कोच और विशेषज्ञों को उम्मीद है कि कुंवर कार्तिक दोनों ही इवेंट में पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में गुरुवार से भारतीय निशानेबाजों के मुकाबले शुरू हो रहे हैं। सबकी निगाहें सरगुजा के इस 15 वर्षीय निशानेबाज पर टिकी हैं।
पिता से मिली शूटिंग की विरासत
कुंवर कार्तिक के पिता शैलेश सिंह देव खुद शूटिंग के खिलाड़ी रह चुके हैं।आज भी वे प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। कुंवर की माता स्नेहा रानी सिंह देव की भी शूटिंग में गहरी रुचि है। बचपन से ही कुंवर कार्तिक की रुचि निशानेबाजी में थी। परिवार ने उनके जुनून को पहचानकर हर कदम पर प्रोत्साहित किया। घर में ही मिले माहौल और पिता के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। कुंवर कार्तिक वर्तमान में रायपुर के राजकुमार कालेज में स्कूली शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ी टीम में
कुंवर कार्तिक सिंह देव छत्तीसगढ़ के पहले निशानेबाज हैं जिनका विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। उनके साथ प्रदेश के एक और होनहार निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन का भी चयन हुआ है। दिव्यांशु एयर राइफल जूनियर पुरुष स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एक साथ छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ियों का विश्व चैंपियनशिप में चयन होना राज्य के लिए गौरव का क्षण है।
जर्मनी में चल रहा अभ्यास
भारतीय शूटिंग दल के साथ कुंवर कार्तिक और दिव्यांशु इसी सप्ताह जर्मनी के सुल पहुंच गए थे। वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज में दोनों खिलाड़ी कोच की निगरानी में अभ्यास कर रहे हैं। मौसम और माहौल के साथ तालमेल बिठाने के लिए टीम जल्दी पहुंची थी।
छत्तीसगढ़ राइफल एसोसिएशन और खेल प्रेमियों को कुंवर कार्तिक से पदक की उम्मीद है। कम उम्र में ही उनकी एकाग्रता, स्थिरता और तकनीक की सराहना होती रही है। सरगुजा संभाग में उनके चयन को लेकर खुशी का माहौल है। स्वजन और ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।