
टेक्नोलॉजी डेस्क। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी OpenAI ने अमेरिका में रह रहे सभी उपयोगकर्ताओं के लिए अपने खास वर्कस्पेस 'ChatGPT Health' को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। इससे पहले यह सेवा सीमित स्तर पर अर्ली एक्सेस और वेटलिस्ट के जरिए ही कुछ लोगों को उपलब्ध कराई जा रही थी। अब 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी मुफ़्त और पेड यूजर्स वेब और iOS प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन करके इस हेल्थ-फोकस्ड एआई फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि यह फीचर फिलहाल Codex पर उपलब्ध नहीं रहेगा।
ओपनएआई के अनुसार, यदि कोई यूजर केवल सामान्य स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछना चाहता है, तो उसे किसी बाहरी ऐप या रिकॉर्ड को जोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, अधिक सटीक और व्यक्तिगत (Personlised) परामर्श के लिए उपयोगकर्ता अपने 'Apple Health' ऐप के साथ-साथ अमेरिका के प्रमुख अस्पताल नेटवर्क (जैसे One Medical और Function Health) से प्राप्त अपने समर्थित मेडिकल रिकॉर्ड्स को सुरक्षित तरीके से लिंक कर सकते हैं।
इसे एक्सेस करने के लिए साइडबार या 'More' मेन्यू में जाना होगा, जहां एआई स्वयं उपयोगकर्ताओं को डेटा सिंक करने की प्रक्रिया समझाएगा। सिंक होने के बाद यह एआई एजेंट यूजर की दवाओं, लैब रिपोर्ट, हालिया चिकित्सकीय परामर्श, नींद के पैटर्न और शारीरिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर जवाब तैयार करेगा। यह प्रणाली रोजमर्रा के कार्यों में भी काम आएगी; जैसे किसी यूजर के लिए रेस्तरां खोजते समय उसकी डाइट संबंधी पाबंदियों का ध्यान रखना या वीकेंड प्लान करते समय उसकी किसी हालिया चोट के अनुसार सुझाव देना।
सैम ऑल्टमैन के नेतृत्व वाली इस कंपनी ने बताया कि उसका लेटेस्ट 'GPT-5.6 Sol' एआई मॉडल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने में बेहद कारगर साबित हुआ है। 'HealthBench Professional' प्लेटफॉर्म पर हुए मूल्यांकन में इसने सटीकता, सुरक्षा, संवाद क्षमता और समय पर डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह जैसे मानकों में पुराने मॉडल्स (GPT-5.5 Instant और GPT-4o) को पीछे छोड़ दिया है। इस मॉडल ने निर्देशों का पालन करने में 93.8 अंक और सटीकता के मामले में 91 अंक हासिल किए हैं।
कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, विश्व भर में एआई चैटबॉट से हर सप्ताह 30 करोड़ से ज्यादा सेहत से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। लोग मुख्य रूप से अपनी लैब रिपोर्ट को सरल भाषा में समझने, डॉक्टर से मुलाकात की तैयारी करने, दवाओं का असर जानने और बेहतर दिनचर्या बनाने के लिए एआई की मदद ले रहे हैं।