
टेक्नोलॉजी डेस्क। दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए चार नए सस्ते वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान पेश किए हैं। यह कदम टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के नए निर्देशों के बाद उठाया गया है। इससे पहले एयरटेल ने भी ऐसे ही किफायती प्लान पेश किए थे।
TRAI टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे प्लान लाने का निर्देश दिया गया था, जिनमें डेटा का खर्च शामिल न हो। वीआई के ये चारों प्लान खास तौर पर उन लोगों के लिए बेहतरीन हैं, जो केवल कॉलिंग और एसएमएस का इस्तेमाल करते हैं या फिर वीआई सिम को सेकेंडरी नंबर के तौर पर एक्टिव रखना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- Jio vs Airtel vs Vi: ₹3,599 में किसका एनुअल प्लान है सबसे बेस्ट? जानिए सारे ऑफर्स
179 रुपये वाला प्लान
यह कंपनी का सबसे किफायती प्लान है। इसमें ग्राहकों को 25 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ देश भर में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, फ्री नेशनल रोमिंग और कुल 300 फ्री एसएमएस दिए जा रहे हैं। इसके अलावा वीआई मूवीज एंड टीवी ऐप का फ्री एक्सेस भी शामिल है।
189 रुपये वाला प्लान
इस प्लान में 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसमें भी अनलिमिटेड कॉलिंग, नेशनल रोमिंग और पूरे 300 लोकल व नेशनल एसएमएस की सुविधा दी जा रही है। बेसिक फोन यूजर्स के लिए 28 दिन का यह एक मुफीद विकल्प है।
203 रुपये वाला प्लान
अगर आप पूरे एक महीने का प्लान चाहते हैं, तो 203 रुपये का यह रिचार्ज पूरे 30 दिनों की वैलिडिटी ऑफर करता है। इसमें भी बिना किसी रुकावट अनलिमिटेड बातचीत के साथ 300 फ्री एसएमएस और वीआई मूवीज ऐप का लाभ मिलता है।
206 रुपये वाला प्लान
इस पैक की खासियत इसकी 'कैलेंडर मंथ' वैलिडिटी है। यानी जिस तारीख को आप रिचार्ज करेंगे, अगली उसी तारीख तक यह एक्टिव रहेगा (चाहे महीना 30 दिन का हो या 31 दिन का)। इसमें भी अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 एसएमएस का फायदा मिलेगा।