न्यू नोएडा की तर्ज पर प्रयागराज में बनेगी हाईटेक टाउनशिप, किसानों को मिलेगा जमीन का चार गुना मुआवजा
प्रयागराज में अब न्यू नोएडा की तर्ज पर एक आधुनिक और हाईटेक टाउनशिप विकसित की जाएगी। टाउनशिप में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला अपार्टमेंट बनाए जाए ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 02:18:50 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 02:29:43 PM (IST)
न्यू नोएडा की तर्ज पर प्रयागराज में बनेगी हाईटेक टाउनशिप, किसानों को मिलेगा जमीन का चार गुना मुआवजाHighLights
- प्लॉट और फ्लैट की होगी आधुनिक सुविधा
- 1500 बीघा जमीन पर विकसित होगी
- प्रत्येक सोसायटी में लगभग 400 फ्लैट होंगे
डिजिटल डेस्क। प्रयागराज में अब न्यू नोएडा की तर्ज पर एक आधुनिक और हाईटेक टाउनशिप विकसित की जाएगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) झूंसी क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना को आकार देने जा रहा है।
यह योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘शहरी विस्तारीकरण योजना’ का हिस्सा है। किसानों से जमीन अधिग्रहण को लेकर वार्ता अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
1500 बीघा जमीन पर विकसित होगी आवासीय योजना
झूंसी क्षेत्र में लगभग 1500 बीघा से अधिक भूमि पर इस टाउनशिप का विकास प्रस्तावित है। इसके लिए पीडीए ने 700 से अधिक काश्तकारों से जमीन खरीदने की तैयारी कर ली है। इस योजना के तहत प्रयागराज ही नहीं, बल्कि प्रतापगढ़, जौनपुर, भदोही सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लोगों को प्लॉट और भूखंड खरीदने का अवसर मिलेगा।
टाउनशिप में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक सोसायटी में लगभग 400 फ्लैट होंगे। इसके अलावा करीब 1600 छोटे-बड़े प्लॉट भी विकसित किए जाएंगे।
परियोजना में निम्न सुविधाएं शामिल होंगी:
- चौड़ी और सुदृढ़ सड़कें
- बिजली व पेयजल की समुचित व्यवस्था
- स्कूल और कॉलेज
- पार्क एवं खेल मैदान
- सामुदायिक भवन और विवाह गृह
- शॉपिंग मॉल
- जिम और स्विमिंग पूल
यह टाउनशिप रिंग रोड से कुछ ही दूरी पर विकसित की जाएगी, जिससे वाराणसी और मीरजापुर के लिए आवागमन आसान होगा।
किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा
टाउनशिप के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी, उन्हें बाजार दर से चार गुना तक मुआवजा दिया जाएगा। किसानों की सहमति के आधार पर पीडीए ने कंसल्टेंट कंपनी ‘टीला’ को नियुक्त किया है।
कंपनी के प्रतिनिधि मुकुंदपुर, चकिया हिनौता और चक हिनौता के किसानों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें योजना के लाभों की जानकारी दे रहे हैं।
जमीन अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन की ओर से एसएलओ (स्पेशल लैंड ऑफिसर) की टीम भी तैनात की गई है।
क्या बोले पीडीए उपाध्यक्ष?
पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत झूंसी में टाउनशिप विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसे न्यू नोएडा की तर्ज पर आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों से वार्ता अंतिम चरण में है और जल्द ही यह योजना मूर्त रूप लेने लगेगी। यह परियोजना प्रयागराज के साथ-साथ आसपास के कई जिलों के निवासियों के लिए भी लाभकारी साबित होगी।