शोरूम में 4 घंटे रुका, नहाने के बाद कपड़े सुखाए, कॉफी पी और ‘लुंगी डांस’ गाने पर डांस किया, 4.71 लाख की बाइक लेकर फरार
वाराणसी में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ लोगों को भी हैरान कर दिया है।
Publish Date: Fri, 14 Aug 2026 05:27:59 PM (IST)Updated Date: Fri, 14 Aug 2026 05:28:42 PM (IST)
HighLights
- वाराणसी में चोरी का अनोखा मामला सामने आया
- पहले शोरूम में बिताया लंबा वक्त, फिर की चोरी
- सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल
डिजिटल डेस्क. वाराणसी। चोरी की घटनाओं में आमतौर पर चोर कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते हैं। लेकिन वाराणसी में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ लोगों को भी हैरान कर दिया है।
यहां एक संदिग्ध चोर ऑटोमोबाइल शोरूम में दाखिल हुआ और चोरी करने से पहले करीब साढ़े चार घंटे तक वहां आराम से समय बिताता रहा।
कॉफी बनाई, नहाया और ‘लुंगी डांस’ गाने पर डांस किया
इस दौरान उसने न सिर्फ कॉफी बनाई और पी, बल्कि शोरूम में नहाया, कपड़े सुखाए और बॉलीवुड के चर्चित गाने ‘लुंगी डांस’ पर डांस भी किया। इसके बाद वह शोरूम मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की KTM बाइक लेकर फरार हो गया।
पहले शोरूम में बिताया लंबा वक्त, फिर की चोरी
मामला वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध शख्स शोरूम में पहुंचने के बाद काफी देर तक वहीं मौजूद रहा। CCTV फुटेज में उसकी कई गतिविधियां कैद हुई हैं।बताया जा रहा है कि उसने शोरूम के भीतर ही कॉफी तैयार की और आराम से पी।
स्टोर मैनेजर की महंगी KTM बाइक लेकर फरार हो गया
इसके बाद उसने वहां नहाया और अपने कपड़े सुखाए। इतना ही नहीं, वह शोरूम में बेफिक्र होकर गाने पर डांस करता भी दिखाई दिया। करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम में रहने के बाद उसने मौका देखकर स्टोर मैनेजर की महंगी KTM बाइक उठाई और उसे लेकर फरार हो गया।
CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल
इस अजीबोगरीब चोरी का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में संदिग्ध व्यक्ति शोरूम के अंदर ‘लुंगी डांस’ गाने पर डांस करता दिखाई देता है। चोरी से पहले उसकी इस तरह की गतिविधियों ने पूरे मामले को और भी चर्चा में ला दिया है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वाराणसी कमिश्नरेट के मंडुआडीह थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। डीसीपी वरुण जोन कमिश्नरेट की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई और जांच-पड़ताल की जा रही है।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने तथा चोरी की बाइक बरामद करने की कोशिश में जुटी है।