
एजेंसी, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अब ऑनलाइन बिजली बिल देखने या उसे डाउनलोड करने के लिए बार-बार ओटीपी (OTP) दर्ज करने के झंझट से मुक्ति मिल गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बिल देखने की मौजूदा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। इस नई व्यवस्था के लागू होने से आम जनता के साथ-साथ विभागीय अभियंताओं को भी कामकाज में काफी सहूलियत हो रही है।
पावर कॉरपोरेशन की वेबसाइट पर बिजली बिल की पूरी कॉपी उपलब्ध रहती है। इससे पहले की व्यवस्था के तहत, जब कोई उपभोक्ता अपना कनेक्शन नंबर और जिले का नाम डालकर सर्च करता था, तो उसे बकाया राशि तो स्क्रीन पर दिख जाती थी, लेकिन जैसे ही वह पूरा बिल डाउनलोड करने का प्रयास करता था, उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाता था।
इस प्रक्रिया में सबसे बड़ी दिक्कत उन उपभोक्ताओं को आती थी जिनका सही मोबाइल नंबर बिजली खाते से लिंक नहीं था। मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण उनके पास ओटीपी नहीं पहुंच पाता था और वे अपना बिल नहीं देख पाते थे। उपभोक्ताओं की इसी व्यावहारिक समस्या को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने इस अनिवार्य ओटीपी व्यवस्था को समाप्त करने का निर्णय लिया है।
अब नए नियमों के तहत कोई भी उपभोक्ता बिना किसी ओटीपी वेरिफिकेशन के सिर्फ अपनी उपभोक्ता कनेक्शन संख्या (Account ID) और जिले का नाम दर्ज करके आसानी से अपना बिजली बिल देख सकता है और उसकी कॉपी डाउनलोड कर सकता है। विभाग का प्रयास है कि यह ऑनलाइन डिजिटल सेवा बिना किसी तकनीकी रुकावट के सुचारू रूप से चलती रहे, जिसके लिए बिजली निगम के तकनीकी विशेषज्ञ और अभियंता लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में डिजिटल होगी जनगणना... शहर से गांव तक हर सुविधा का बनेगा रिकॉर्ड, मोबाइल ऐप से होगा सर्वे
बिजली निगम की वेबसाइट से कोई भी उपभोक्ता कनेक्शन नंबर के आधार पर बिजली का बिल निकाल सकता है। इस व्यवस्था का लाभ उपभोक्ता उठा रहे हैं। व्यवस्था सुचारु रूप से चले, इसके लिए बिजली निगम के अभियंता लगातार काम कर रहे हैं। - रणजीत चौधरी, अधीक्षण अभियंता (शहर)