
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के हल्कापुर गांव में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब जयमाल से पहले दूल्हे की कथित हरकतों को देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, शोभन बेरी सवाई से बारात हल्कापुर गांव पहुंची थी। शादी की शुरुआती रस्में सामान्य रूप से पूरी हुईं। तिलक के बाद जब जयमाल की तैयारी शुरू हुई तो दूल्हे को स्टेज पर बुलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेज पर पहुंचते ही दूल्हा कथित रूप से शराब के नशे में संतुलन खो बैठा, गिर पड़ा और नागिन डांस करने लगा। उसकी हरकतें देखकर समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए।
दूल्हे की हालत की जानकारी मिलने पर दुल्हन भी स्टेज पर पहुंची। उसने दूल्हे को कथित रूप से नशे की हालत में देखकर सभी के सामने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन ने स्पष्ट कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपना वैवाहिक जीवन शुरू नहीं कर सकती, जो नशे की हालत में शादी करने आया हो।
दुल्हन के फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में मामला थाने पहुंचा, जहां दिनभर पंचायत और समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन दुल्हन अपने निर्णय पर कायम रही।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दूल्हे के नशे में होने की बात सामने आई है। वहीं, लड़की पक्ष ने आरोप लगाया है कि लड़के वालों ने शादी के दौरान एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग भी की थी। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है।