
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी सात जुलाई को कानपुर के निराला नगर रेलवे मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने आ सकते हैं। हालांकि उनके इस दौरे की आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है, लेकिन पुलिस-प्रशासनिक अमले और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन ने संभावित कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं।
माना जा रहा है कि इस ऐतिहासिक जनसभा के मंच से प्रधानमंत्री कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए लगभग 10,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
रैली में करीब एक लाख से अधिक लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की रूपरेखा तैयार की जा रही है। मुख्य सभा स्थल पर जर्मन हैंगर तकनीक से एक भव्य और विशाल वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में पांच हेलीपैड बनाने की योजना है। एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता और लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियरों ने निराला नगर मैदान का बारीकी से निरीक्षण कर कार्ययोजना को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, रेलवे प्रशासन को भी निर्देशित किया गया है कि सात जुलाई तक इस मैदान को किसी अन्य आयोजन के लिए आवंटित न किया जाए।
इस संभावित दौरे के दौरान कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र को कई बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का उपहार मिलेगा। प्रधानमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत कर सकते हैं, उनमें शामिल हैं:
इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच पर कई बड़े चेहरे नजर आ सकते हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भी इस आयोजन में शामिल होने की प्रबल संभावना है।
दूसरी ओर, भाजपा संगठन ने इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 13 जनपदों से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जुटाने की रणनीति बनाई गई है। बूथ स्तर पर कमेटियों को सक्रिय कर दिया गया है और आम जनता को जनसभा तक लाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया जा चुका है।