कानपुर में मोबाइल चोरी के आरोप पर भड़का रिटायर्ड दारोगा का बेटा, पड़ोसी दुकानदार को पीट-पीटकर मार डाला
कानपुर के हनुमंत विहार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल चोरी का आरोप लगाने पर एक रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने अपने पड़ोसी दुकानदार ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 02:48:54 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 02:54:07 PM (IST)
विकास गौतम उर्फ सोनू की फाइल फोटो। भाई की मौत की जानकारी पर पहुंची बहनें नीलम और रजनी।HighLights
- कानपुर में रिटायर दरोगा के बेटे की दबंगई
- दुकानदार को पीट-पीटकर मार डाला
- इस फैसले से कानपुर में सनसनी फैल गई
डिजिटल डेस्क। कानपुर के हनुमंत विहार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल चोरी का आरोप लगाने पर एक रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने अपने पड़ोसी दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। विडंबना यह है कि जिस दिन यह दुखद घटना हुई, उसी दिन मृतक की शादी की सालगिरह भी थी।
मृतक विकास गौतम उर्फ सोनू (40) अपनी बुजुर्ग मां माया देवी के साथ हनुमंत विहार में रहता था और घर पर ही परचून की दुकान चलाता था। शुक्रवार दोपहर सोनू का मोबाइल चोरी हो गया, जिसका शक उसने पड़ोस में रहने वाले कपिल यादव पर जताया। कपिल एक सेवानिवृत्त दरोगा का बेटा है।
शाम को जब सोनू ने कपिल से अपना मोबाइल वापस मांगा, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गाली-गलौज के दौरान कपिल ने आपा खो दिया और सोनू पर मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान सोनू संतुलन खोकर सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा और अचेत हो गया।
अस्पताल में मौत और पुलिस कार्रवाई
शोर सुनकर जब पड़ोसी इकट्ठा हुए, तो आरोपी कपिल वहां से भाग निकला। सोनू को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एलएलआर (हैलट) अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हनुमंत विहार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कपिल यादव को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष राजीव सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दुर्ग में B.Ed छात्रा को घर बुलाकर की दर्दनाक हत्या: प्रेम संबंध के चलते उठाया खौफनाक कदम
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विकास उर्फ सोनू अपनी मां का इकलौता सहारा था। उसके पिता और छोटे भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि 11 साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। मां का आरोप है कि आरोपी कपिल अक्सर सोनू से शराब के लिए पैसे ऐंठता था और घटना वाले दिन भी उसने साथ बैठकर शराब पी थी। शनिवार को सोनू की शादी की सालगिरह थी, लेकिन घर में जश्न की जगह मातम पसर गया।