
डिजिटल डेस्क। महोबा के सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक का कारनामा सोशल मीडिया पर वायरल है। उन पर स्मार्ट क्लास की एलईडी पर अश्लील भोजपुरी गाना चलाकर देखने का आरोप है।
ग्रामीणों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें वह बेंच पर आराम करते दिख रहे हैं। सामने स्मार्ट एलईडी पर भोजपुरी गाना चल रहा है। मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची, तो जांच के बाद कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, स्मार्ट क्लास की एलईडी स्क्रीन पर अश्लील भोजपुरी गाना चल रहा था। लोगों ने कई बार आवाज देकर उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठे। इसके बाद पूरे मामले का वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक बच्चों के सामने भी अनुचित वेशभूषा में घूमते हैं और गाली-गलौज करते हैं। यह भी आरोप है कि रात में स्कूल परिसर में साथियों के साथ पार्टी की जाती है। जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलते ही प्रधानाध्यापक के निलंबन सहित आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।