लखनऊ में बैंककर्मी ने पत्नी और बीमार बहन की हत्या करने के बाद की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई।
Publish Date: Thu, 20 Aug 2026 03:05:45 PM (IST)Updated Date: Thu, 20 Aug 2026 03:07:35 PM (IST)
HighLights
- गोमतीनगर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई
- बैंक के बाहर ही पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी
- वॉट्सएप पर स्टेटस लगाकर बहन को भी उतारा मौत के घाट
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पारिवारिक विवाद और तलाक के मुकदमे से तनाव में चल रहे बैंक कर्मी ने अपनी पत्नी की दिनदहाड़े हत्या करने के बाद अवसाद में चल रही अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी आत्महत्या कर ली।
दिनदहाड़े बैंक के बाहर पत्नी को मारी गोली
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। आरोपी मानस बाजपेई (जो भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत था) गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहे पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक पहुंचा। यहां उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। मानस ने बैंक के बाहर ही दिव्या पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।
गोलियों की तड़तड़ाहट से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान दिव्या को करीब 1:15 बजे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वॉट्सएप पर स्टेटस लगाकर बहन को भी उतारा मौत के घाट
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने अपने मोबाइल पर वॉट्सएप स्टेटस लगाया, "सुसाइड करने जा रहा हूं।" इसके बाद वह मिठाईवाला चौराहे से करीब एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपनी बहन सीबा (तूलिका) के किराये के मकान पर पहुंचा। मानस की बहन मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अवसाद में चल रही थी।
मानस ने पहले अपनी बीमार बहन को गोली मारी और फिर उसी हथियार से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मानस के माता-पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका था।
जांच में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुए हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्राइम सीन से सबूत जुटाकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।