'तुष्टीकरण की राजनीति में इतना मत गिरिए', दीवाली की तुलना ईद से करने पर खरगे पर बरसे भाजपा सांसद बृजलाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दीवाली की तुलना ईद से किए जाने पर भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल ने तीखा हमला बोला है।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 04:18:48 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 04:18:48 PM (IST)
HighLights
- कहा, दीवाली हिंदुओं की आस्था और सनातन परंपरा का महापर्व है
- इसकी ईद से तुलना करके खरगे ने सनातनियों का अपमान किया है
- क्या राहुल और सोनिया के डर से मुस्लिम रजाकारों का नाम नहीं लेते?
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दीवाली की तुलना ईद से किए जाने पर भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दीवाली हिंदुओं की आस्था और सनातन परंपरा का महापर्व है।
इसकी ईद से तुलना करके खरगे ने सनातनियों का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति तुष्टीकरण पर आधारित है।
क्या राहुल और सोनिया के डर से मुस्लिम रजाकारों का नाम नहीं लेते?
बृजलाल ने खरगे के परिवार के साथ 1948 में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कर्नाटक के वरवट्टी गांव में निजाम के रजाकारों ने उनके (खरगे के) घर को जला दिया था। इस घटना में खरगे की मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।
उनके पिता मपन्ना खरगे किसी तरह उन्हें बचाकर गांव से बाहर ले गए थे। बृजलाल ने सवाल उठाया कि क्या वह राहुल गांधी और सोनिया गांधी की नाराजगी के डर से मुस्लिम रजाकारों का नाम नहीं लेते?
'आतंकियों पर खरगे जी क्यों कुछ नहीं बोलते?'
पूर्व डीजीपी ने इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापकों रियाज और इकबाल भटकल का नाम लेते हुए कहा कि इस आतंकी संगठन के पाकिस्तान के आईएसआई और लश्कर-ए-तैयबा से संबंध हैं। ये आतंकी खरगे के गृह राज्य से ही हैं, लेकिन इन मामलों पर वो कुछ नहीं बोलते।
बृजलाल ने कहा कि यह आतंकी संगठन देश में कई आतंकी धमाकों में शामिल रहा जिसमें 1000 से अधिक भारतीयों की जान गई। यासीन भटकल को एक मामले में फांसी की सजा भी सुनाई गई है।