
डिजिटल डेस्क, लखीमपुर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने अधिकारियों का भी ध्यान खींच लिया। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई में कक्षा 8 में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र अमिताभ अपनी पारिवारिक समस्या लेकर जिलाधिकारी अंजनी कुमार के पास पहुंचा। छात्र ने बिना झिझक अपनी पूरी बात डीएम के सामने रखी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अमिताभ ने बताया कि उसके घर के एक हिस्से पर उसके ताऊ-ताई ने ताला लगा दिया है। उसने कहा कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और घर के उसी हिस्से को किराए पर देकर परिवार का खर्च चलाना चाहता है। छात्र के अनुसार, इस मामले की शिकायत कई बार पुलिस चौकी में भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत सुनाते समय छात्र ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी नाराजगी जाहिर की। उसने कहा, "करवा देंगे, नहीं करवा दीजिए... आप लोग टोपी लगा ली..." उसकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग और स्वयं जिलाधिकारी भी मुस्कुरा दिए। हालांकि डीएम ने छात्र को संयम रखने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।
Viral Video https://t.co/HNmJamI0mZ
— Akash Sharma (@AkashSharm_JNM) July 19, 2026
बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र से उसकी मां के काम के बारे में पूछा। इस पर अमिताभ ने कहा कि उसकी मां की कमाई करीब 3000 रुपये है और आज के समय में इतनी आय से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है। उसने कहा, "50 रुपये में क्या होता है, आजकल इतनी महंगाई है। खाने की ही तंगी है।"
इसके बाद छात्र ने अपनी बड़ी बहन की पढ़ाई का मुद्दा भी उठाया। उसने कहा कि उसकी बहन 9वीं कक्षा पास कर चुकी है और अब उसे सरकार की ओर से मुफ्त किताब-कॉपी नहीं मिलती। छात्र ने डीएम से सवाल किया, "मेरी दीदी को किताब-कॉपी फ्री नहीं मिलती, आप देंगे पैसा?"
छात्र की बेबाकी और आत्मविश्वास से वहां मौजूद अधिकारी भी प्रभावित हुए। जिलाधिकारी अंजनी कुमार ने उसकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी और भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने छात्र को पढ़ाई जारी रखने की सलाह भी दी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।