सीएम योगी का अधिकारियों को सख्त निर्देश, बिना भेदभाव हर पीड़ित को मिले न्याय और योजनाओं का लाभ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार जनता की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसलिए जनसमस्याओं के समाधान ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 25 May 2026 04:57:01 PM (IST)Updated Date: Mon, 25 May 2026 04:58:41 PM (IST)
HighLights
- सरकार जनता की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध
- शिक्षा और स्वास्थ्य मामलों पर विशेष जोर
- महिलाओं से बोले CM योगी- गर्मी में रखें खास ध्यान
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, इसलिए जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि तय समयसीमा के भीतर बिना किसी भेदभाव के पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
शिक्षा और स्वास्थ्य मामलों पर विशेष जोर
‘जनता दर्शन’ में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि प्रदेश का हर व्यक्ति शिक्षित हो और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। राजस्व, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द हल करने के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं से बोले CM योगी- गर्मी में रखें खास ध्यान
जनता दर्शन में पहुंचीं महिलाओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस समय अत्यधिक गर्मी पड़ रही है, इसलिए लोग अपने साथ-साथ बच्चों और बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने लोगों से अकारण धूप में बाहर निकलने से बचने और खानपान का विशेष ध्यान रखने की अपील की।