सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी की GIC से अहम बैठक, यूपी में निवेश के अवसरों पर हुई विस्तृत चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान प्रतिष्ठित संप्रभु निवेश संस्था GIC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिम चो किआट के साथ महत्वपूर्ण ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 02:50:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 02:51:46 PM (IST)
सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी की GIC से अहम बैठक, यूपी में निवेश के अवसरों पर हुई विस्तृत चर्चाHighLights
- यूपी आज सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी
- निवेशकों के लिए लाभकारी अवसर सृजित कर रहा यूपी
- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी यूरोप के दौरे पर हैं
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान प्रतिष्ठित संप्रभु निवेश संस्था GIC (Government of Singapore Investment Corporation) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिम चो किआट (Lim Chow Kiat) और उनकी वरिष्ठ टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस उच्चस्तरीय वार्ता में प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश की संभावनाओं पर गहन और सकारात्मक चर्चा हुई।
यूपी आज देश की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी
मुख्यमंत्री ने GIC को उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश के अवसरों का आकलन करने के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की नीतिगत स्थिरता, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन, 25 करोड़ से अधिक की विशाल उपभोक्ता आबादी तथा तीव्र गति से विकसित हो रहे आधुनिक अवसंरचना तंत्र को प्रमुख आकर्षण के रूप में प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है और राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी तथा अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान इन क्षेत्रों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ
बैठक के दौरान औद्योगिक कॉरिडोर के साथ लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग अवसंरचना, अक्षय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण परियोजनाएं, डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, उभरते शहरी क्षेत्रों में वाणिज्यिक रियल एस्टेट एवं एकीकृत टाउनशिप, एमएसएमई को सशक्त बनाने हेतु फिनटेक और डिजिटल प्लेटफॉर्म, तथा भविष्य उन्मुख उद्योगों के लिए कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
निवेशकों के लिए लाभकारी अवसर सृजित कर रहा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को “फ्यूचर-रेडी” औद्योगिक और आर्थिक हब के रूप में विकसित करने के लिए सतत प्रयासरत है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क और नए औद्योगिक शहरों का तीव्र विकास दीर्घकालिक निवेशकों के लिए स्थिर और लाभकारी अवसर सृजित कर रहा है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी यूरोप के दौरे पर हैं
विश्व की अग्रणी दीर्घकालिक संप्रभु संपत्ति निवेश संस्थाओं में शामिल GIC का भारत में अवसंरचना, रियल एस्टेट, फिनटेक और डिजिटल क्षेत्रों में सशक्त निवेश आधार है। ऐसे में मुख्यमंत्री और GIC के बीच हुई यह बैठक उत्तर प्रदेश में वैश्विक पूंजी निवेश को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इसी क्रम में राज्य में निवेश प्रोत्साहन के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी यूरोप के दौरे पर हैं।