योगी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, 17 फरवरी को विधान भवन का करेगी घेराव
UP News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने घोषणा की है कि पार्टी 17 फरवरी को विभिन्न जन मुद्दों को लेकर विधान भवन का घेराव करेगी। उन्होंने भाजपा सरका ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 15 Feb 2026 03:09:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Feb 2026 03:12:35 PM (IST)
योगी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, 17 फरवरी को विधान भवन का करेगी घेरावHighLights
- सरकार किसान, मजदूर, व्यापारी और महिला विरोधी नीतियां अपना रही
- कांग्रेस 3 जनवरी से प्रदेशभर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ चला रही है
- चाइनीज मांझे के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए
डिजिटल डेस्क। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने घोषणा की है कि पार्टी 17 फरवरी को विभिन्न जन मुद्दों को लेकर विधान भवन का घेराव करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार किसान, मजदूर, व्यापारी और महिला विरोधी नीतियां अपना रही है।
अजय राय ने कहा कि प्रदेश के किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। मजदूरों और व्यापारियों का लगातार शोषण हो रहा है, जबकि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में निरंतर वृद्धि हो रही है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सपा में जाने की अटकलों पर बोले
उन्होंने नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें कोई भी निर्णय सोच-समझकर लेना चाहिए। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अजय राय ने बताया कि कांग्रेस 3 जनवरी से प्रदेशभर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल किए जाने तक यह अभियान जारी रहेगा।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मामले में क्या बोले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विधानसभा में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के चयन पर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि यह सनातन परंपरा और करोड़ों हिंदुओं की आस्था का अपमान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं एक पीठ के महंत हैं, इसलिए उन्हें सनातन परंपराओं की मर्यादा का ज्ञान होना चाहिए।
जिस प्रकार मुख्यमंत्री को उनके गुरु द्वारा श्री गोरखनाथ पीठ का महंत बनाया गया, उसी प्रकार स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को उनके गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने उपाधि प्रदान की थी, जिस पर टिप्पणी करना अनुचित है।
चाइनीज मांझे के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने 4 फरवरी को चाइनीज मांझे से मोहम्मद शोएब की हुई मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं, बल्कि एक परिवार की तबाही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि चाइनीज मांझे के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
व्यापारिक समझौते से भारतीय किसानों के साथ अन्याय हुआ
भारतीय राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी अखिलेश शुक्ला ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ किए गए व्यापारिक समझौते से भारतीय किसानों के साथ अन्याय हुआ है।
उनके अनुसार, समझौते के तहत अमेरिकी किसान शून्य ड्यूटी पर अपने उत्पाद भारतीय बाजार में बेच सकेंगे, जबकि भारतीय किसानों को अमेरिकी बाजार में उत्पाद बेचने के लिए 18 प्रतिशत शुल्क देना होगा। उन्होंने इस समझौते के विरोध में शनिवार से ‘किसान अधिकार–गांव संवाद अभियान’ शुरू करने की घोषणा की।