जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी होगी और मजबूत, CM योगी ने 45 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, 11 लखनऊ और 34 बसें नोएडा में चलेंगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 12 Jun 2026 03:24:17 PM (IST)Updated Date: Fri, 12 Jun 2026 03:24:17 PM (IST)
HighLights
- लगभग चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित
- मुख्यमंत्री ने अयोध्या की बदली तस्वीर का किया जिक्र
- ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र को भी मिलेगा लाभ
डिजिटल डेस्क, लखनऊ/नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रदेश में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास से बसों का फ्लैग ऑफ किया। इन बसों के संचालन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) समेत गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र की लोकल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
गौतमबुद्ध नगर के लिए इलेक्ट्रिक बसों के फ्लैग ऑफ और नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बुनियादी ढांचे और परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
लगभग चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश खराब सड़कों, कमजोर कानून-व्यवस्था और निवेश के प्रतिकूल माहौल के लिए जाना जाता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय सड़क और एयर कनेक्टिविटी के साथ देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया जा चुका है, जिसने निवेश और विकास को नई गति दी है।
अयोध्या की बदली तस्वीर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों तक उपेक्षा का सामना करने वाली रामनगरी आज आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रही है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा संचालित हो रहा है, जिससे प्रदेश की बदलती तस्वीर स्पष्ट दिखाई देती है।
11 बसें लखनऊ और 34 बसें नोएडा में चलेंगी
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की 45 नई इलेक्ट्रिक बसों में से 11 बसों का संचालन लखनऊ में और 34 बसों का संचालन नोएडा क्षेत्र में किया जाएगा। पहले चरण में करीब 30 से 35 बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा।
सरकार का कहना है कि नई इलेक्ट्रिक बसें स्वच्छ, प्रदूषण-मुक्त और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देंगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ग्रीन ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में प्रदेश की पहल को भी मजबूती मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र को भी मिलेगा लाभ
नई बस सेवाओं का संचालन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में किया जाएगा। विशेष रूप से जेवर एयरपोर्ट तक यात्रियों को बेहतर और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
सरकार का लक्ष्य लोगों को शोर और वायु प्रदूषण से राहत देते हुए पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। वहीं, नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के शुरू होने से बसों के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।