
एजेंसी, अमरोहा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को अमरोहा कलेक्टरेट के गांधी सभागार में विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की कड़क समीक्षा की। इस बैठक के दौरान तब एक बेहद दिलचस्प और असहज करने वाला नजारा देखने को मिला, जब डिप्टी सीएम ने 'एक जिला, एक उत्पाद' (ODOP) के तहत प्रसिद्ध अमरोहा की ढोलक को लेकर उपायुक्त उद्योग अनूप श्रीवास्तव से सीधे सवाल पूछ लिए।
डिप्टी सीएम ने पूछा कि ढोलक का सालाना कारोबार कितना होता है? इस पर उपायुक्त उद्योग ने जवाब दिया कि 250 करोड़ रुपये। डिप्टी सीएम ने इस कारोबार को और बढ़ाने के निर्देश दिए। लेकिन, जैसे ही ब्रजेश पाठक ने अगला सवाल दागा कि "ढोलक बनती कैसे है?", तो उपायुक्त उद्योग इसका जवाब नहीं दे पाए। इस पर डिप्टी सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि आपको यह पता होना चाहिए, एक बार किसी कारखाने में जाकर ढोलक बनाने की प्रक्रिया को अवश्य देखिए और सीखिए।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार सुबह ठीक दस बजे कलेक्टरेट पहुंचे, जहां गार्द की सलामी के बाद वे सीधे गांधी सभागार में बैठक लेने पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले एक-एक कर सभी अधिकारियों का परिचय लिया और फिर योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट खंगालनी शुरू की।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए डिप्टी सीएम ने सीएमओ डॉ. योगेंद्र से संस्थागत प्रसव (सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी), स्टाफ की उपलब्धता और टीकाकरण की स्थिति पर पूछताछ की। जिले में संस्थागत प्रसव की संख्या कम होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। ब्रजेश पाठक ने निर्देश दिए कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए जरूरत पड़ने पर प्राइवेट डॉक्टरों की सेवाएं भी ली जाएं। यह व्यवस्था सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) के साथ-साथ संयुक्त चिकित्सालयों में भी लागू की जाए।
इसके बाद डिप्टी सीएम ने जल निगम के एक्सईएन चंद्रहास से 'हर घर जल, हर घर नल' योजना की प्रगति पूछी। एक्सईएन के असंतोषजनक जवाबों पर नाराजगी जताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि बैठक में पूरी स्थिति साफ होनी चाहिए, टालमटोल नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर पंचायत तक शुद्ध पानी पहुंचा रही है, इसलिए काम की गुणवत्ता और निगरानी में कोई लापरवाही न हो और ज्यादा से ज्यादा कनेक्शन दिए जाएं।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को सख्त निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत रखा जाए। यदि जिले में कहीं भी कोई ट्रांसफार्मर फुंकता है, तो उसे हर हाल में 24 घंटे के अंदर बदला जाए। उन्होंने साफ कहा कि बेवजह बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बाकी सभी विभागों के अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री केपी मलिक, शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, धनौरा विधायक राजीव तरारा, पूर्व विधायक संगीता चौहान मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले से जिलाधिकारी (DM) डॉ. नितिन गौड़, पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव, सीडीओ एके मिश्र, एडीएम वित्त गरिमा सिंह और एडीएम न्यायिक धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी का अधिकारियों को सख्त निर्देश, बिना भेदभाव हर पीड़ित को मिले न्याय और योजनाओं का लाभ