
डिजिटल डेस्क, कुशीनगर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और शहर का नाम बदल दिया है। कुशीनगर जिले का ऐतिहासिक कस्बा 'फाजिलनगर' अब 'पावागढ़' के नाम से जाना जाएगा। मंगलवार को कुशीनगर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए यह बड़ा एलान किया। अपने इस दौरे के दौरान सीएम योगी ने कुशीनगर की जनता को 424 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की बड़ी सौगात भी दी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर के गौरवशाली इतिहास को याद किया। उन्होंने कहा:
डबल इंजन सरकार आने के उपरांत कुशीनगर में लगभग 90 हजार गरीबों के लिए एक-एक आवास बने हैं... pic.twitter.com/kc6SWOILkB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 2, 2026
"यह पावन भूमि भगवान राम के पुत्र कुश, महामानव भगवान बुद्ध और जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की धरती है। जनता की जो मांग होती है, फाजिलनगर के विधायक जी उसे हमारे सामने रखते हैं और हम उसे पूरा करते हैं। अब फाजिलनगर को हम 'पावागढ़' के तौर पर नई मान्यता दे रहे हैं। यह नया नाम भगवान महावीर के पावन नाम और उनकी विरासत से जुड़ा होगा।"
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज से 9 साल पहले इस क्षेत्र की स्थिति बेहद दयनीय थी। उन्होंने कहा कि पहले यहां हर प्रकार का माफिया चाहे वह भू-माफिया हो, खनन माफिया हो या जंगल पार्टी का आतंक इस पावन धरती को अपनी जकड़ में लिए हुए था। पिछली सरकारों के पाप के कृत्यों के कारण यहां का गरीब भूख से मरने को मजबूर था, नौजवान बेरोजगार घूम रहा था और आम जनता अपराधियों से त्रस्त थी। लेकिन आज यूपी की तस्वीर बदल चुकी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्षियों पर चौतरफा हमला बोलते हुए कहा कि साल 2017 से पहले पूरे उत्तर प्रदेश में एक गहरा पहचान का संकट खड़ा हो गया था। पूरे प्रदेश में जंगलराज का आतंक था और अपराधियों का बोलबाला था, जिससे किसान और युवा सब परेशान थे। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि हमारी सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाते हुए अब उत्तर प्रदेश की धरती से "माफिया और मच्छर" दोनों का पूरी तरह सफाया कर दिया है। आज प्रदेश में विकास और सुरक्षा का माहौल है।
यह भी पढ़ें- 'नालायक औलादों को समझा लो नहीं तो...', सूर्या हत्याकांड पर गरजे सीएम योगी, विपक्ष पर भी किया तीखा हमला