UP की 'इच्छाधारी नागिन' का फिल्मी ड्रामा, बिस्तर पर केंचुली छोड़ प्रेमी संग भागी; बोली- कोई परेशान न करें
घर में बिस्तर पर सांप की केंचुल, चूड़ियां, सिंदूर और गहने मिलने के बाद जिस युवती को ‘इच्छाधारी नागिन’ बताया जा रहा था, अब उसी मामले की सच्चाई सामने आ ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 14 Feb 2026 08:56:06 AM (IST)Updated Date: Sat, 14 Feb 2026 08:56:06 AM (IST)
बिस्तर पर केंचुली छोड़ प्रेमी संग भागी।HighLights
- UP की 'इच्छाधारी नागिन' का फिल्मी ड्रामा।
- बिस्तर पर केंचुली छोड़ प्रेमी संग भागी।
- प्रेम विवाह के लिए रचा गया ‘फिल्मी प्लान’।
डिजिटल डेस्क। घर में बिस्तर पर सांप की केंचुल, चूड़ियां, सिंदूर और गहने मिलने के बाद जिस युवती को ‘इच्छाधारी नागिन’ बताया जा रहा था, अब उसी मामले की सच्चाई सामने आ गई है।
चार दिन बाद युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुलासा किया कि उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ शादी की है और वह सुरक्षित है।
क्या था पूरा मामला?
फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ फरवरी की रात युवती अचानक घर से लापता हो गई थी। जब स्वजन उसकी तलाश में कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर पूजन सामग्री के साथ सांप की केंचुली कपड़े में लिपटी मिली। साथ ही चूड़ियां, सिंदूर, कान के बाले और नाक की कील भी रखी थी।
इस घटना के बाद गांव में चर्चा फैल गई कि युवती ‘इच्छाधारी नागिन’ थी और रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। मामला देखते ही देखते सनसनी बन गया।
प्रेम विवाह के लिए रचा गया ‘फिल्मी प्लान’
बाद में जांच में सामने आया कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। परिवार उसकी शादी किसी अन्य युवक से कराने की तैयारी में था, जिससे वह नाखुश थी। इसी कारण उसने यह पूरा ड्रामा रचकर घर छोड़ दिया।
नौ फरवरी को युवती के पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बिस्तर पर सांप की केंचुल और अन्य सामान मिलने की जानकारी दी थी।
इंस्टाग्राम पर जारी किया वीडियो
गुरुवार को युवती ने ‘आई लव माम’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से दो वीडियो पोस्ट किए। एक वीडियो में वह अपने प्रेमी के साथ दिखाई दे रही है और कह रही है कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है। दूसरे वीडियो में उसने अपील की कि उसके परिवार और पति को परेशान न किया जाए।
वीडियो में उसने शादी की तस्वीरें भी साझा कीं। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है।
गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
घटना के बाद ग्रामीणों में कई तरह की अफवाहें फैल गई थीं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग था और वे चोरी-छिपे मिलते थे। सोमवार देर शाम यह स्पष्ट हो गया कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी।
अब वीडियो सामने आने के बाद ‘इच्छाधारी नागिन’ की कहानी का रहस्य खत्म हो गया है और मामला प्रेम विवाह का निकला।