
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे (Indian Railways) ने नौ ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनमें इंदौर-हजरत निजामुद्दीन, वडोदरा-मऊ, मऊ-वडोदरा, प्रतापनगर-लालकुआं और सूरत-छपरा समेत कई ट्रेनें (Specia Trains) शामिल हैं। इनके संचालन के दिनों और नई तारीखों में बदलाव किया गया है।
इंदौर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन पहले 30 अगस्त तक निर्धारित था। अब यह ट्रेन चार सितंबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को चलेगी। वहीं हजरत निजामुद्दीन-इंदौर एक्सप्रेस का संचालन 31 अगस्त तक होना था। अब यह ट्रेन पांच सितंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और सोमवार को संचालित होगी।
वडोदरा-मऊ एक्सप्रेस का संचालन 26 सितंबर तक तय था। अब यह तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। मऊ-वडोदरा एक्सप्रेस 27 सितंबर के बजाय चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। प्रतापनगर-लालकुआं एक्सप्रेस का संचालन भी 27 सितंबर के बजाय चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को किया जाएगा। लालकुआं-प्रतापनगर एक्सप्रेस 28 सितंबर के स्थान पर पांच अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
सूरत-छपरा एक्सप्रेस अब 29 सितंबर के बजाय 20 अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इसी तरह छपरा-सूरत एक्सप्रेस का संचालन 30 सितंबर के बजाय 21 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को होगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए 30 अगस्त की रात रानी कमलापति भोपाल से हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। यह ट्रेन मथुरा जंक्शन पर रुकेगी। 22 कोच वाली इस ट्रेन में 12 स्लीपर और चार सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।
इसके अलावा सोगरिया-मथुरा के बीच विशेष ट्रेन का संचालन अब सात सितंबर तक तथा कोटा-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन का संचालन 30 अगस्त तक होगा।