'मुझे लव-मैरिज करनी है...' यूपी में शादी की जिद लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों मचा रहा कोहराम
कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम मदनेपुर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा प्रेमी अपनी शादी की मांग को लेकर गांव में स्थित मोबाइल टावर प ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 16 Apr 2026 02:47:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 16 Apr 2026 02:47:15 PM (IST)
यूपी में शादी की जिद लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवकHighLights
- शादी की जिद पर जालौन में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
- पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उतारा
- ग्रामीणों की भारी भीड़ और अफरा-तफरी के बीच पुलिस ने दिखाई सूझबूझ
डिजिटल डेस्क। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम मदनेपुर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा प्रेमी अपनी शादी की मांग को लेकर गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुए इस ड्रामे को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
100 फीट की ऊंचाई से मचाया शोर
युवक की पहचान सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम अटरा कलार निवासी शेर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह करना चाहता था। परिजनों और समाज की असहमति से क्षुब्ध होकर वह टावर पर करीब 100 फीट की ऊंचाई तक चढ़ गया और वहां से चिल्लाते हुए शादी कराने की जिद करने लगा।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता और युवक की जान के खतरे को देखते हुए दमकल विभाग की टीम को भी बुला लिया गया। पुलिस ने युवक को उकसाने के बजाय बेहद संयम और सूझबूझ से काम लिया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक से लगातार संवाद बनाए रखा और उसे नीचे उतरने के लिए मनाया। लंबी मान-मनौव्वल और मशक्कत के बाद आखिरकार युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। टावर से उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और कुठौंद थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।