लखनऊ मेट्रो की 'Mydidi' सर्विस लॉन्च, Whatsapp से भी होगी बुकिंग, 13 जून तक बिल्कुल मुफ्त सफर
लखनऊ मेट्रो से सफर करने वाली महिला यात्रियों को उनके डेस्टिनेशन तक सुरक्षित और सुगम तरीके से पहुंचाने के लिए एक बेहतरीन पहल की गई है। इस सेवा की सबसे ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 05 Jun 2026 02:08:51 PM (IST)Updated Date: Fri, 05 Jun 2026 02:08:51 PM (IST)
लखनऊ मेट्रो की 'Mydidi' सर्विस लॉन्चHighLights
- लखनऊ मेट्रो ने नई पहल की है
- 'MyDidi' ईवी बाइक सेवा शुरू
- 13 जून तक सफर बिल्कुल मुफ्त
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ मेट्रो से सफर करने वाली महिला यात्रियों को उनके डेस्टिनेशन तक सुरक्षित और सुगम तरीके से पहुंचाने के लिए एक बेहतरीन पहल की गई है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर महिला राइडर वाली ईवी बाइक सेवा "मायदीदी" का शुभारंभ किया। इस सेवा की सबसे खास बात यह है कि इसमें बाइक चलाने वाली राइडर और यात्रा करने वाली, दोनों ही महिलाएं होंगी।
शुरुआती चरण में चार स्टेशनों पर सुविधा
महिलाओं के लिए विशेष यह लास्ट-माइल कनेक्टिविटी फीडर सेवा शुरुआत में लखनऊ के चार प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई है, जिसमें विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, आईटी कॉलेज मेट्रो स्टेशन, भूतनाथ मेट्रो स्टेशन और कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इन सभी स्टेशनों पर महिला राइडर्स के साथ छह-छह ईवी बाइक तैनात रहेंगी। स्टेशन पर लगाए गए विशेष स्कैनर को स्कैन करके महिला यात्री कुछ ही मिनटों में अपनी राइड बुक कर सकती हैं।
5 KM की दूरी के लिए केवल 15 रुपये
इस सेवा के तहत महिलाएं मेट्रो स्टेशनों से 5 किलोमीटर तक की दूरी का सफर केवल 15 रुपये में तय कर सकेंगी। योजना के शुभारंभ के उपलक्ष्य में 5 जून से 13 जून 2026 तक सभी महिला यात्रियों के लिए यह सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी। इसके अलावा, उद्घाटन के दिन सफर करने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को खास गिफ्ट भी दिए गए।
यह भी पढ़ें- लखनऊ मेट्रो की ईमानदारी... ट्रेन में छूटा नोटों से भरा बैग, UPMRC ने मात्र 20 मिनट में लौटाए 1 लाख रुपये
सुरक्षित और किफायती 'मायदीदी'
लखनऊ मेट्रो में रोजाना सफर करने वाले करीब 88 हजार यात्रियों में छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की बड़ी तादाद है। 'मायदीदी' सेवा न सिर्फ उन्हें सुरक्षित और किफायती सफर देगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देकर प्रदूषण कम करने में भी मदद करेगी। इसके साथ ही, यह पहल स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है।