
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रविवार देर रात राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने एक साथ 40 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। इस फेरबदल की सबसे बड़ी बात यह है कि एक साथ 15 जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदल दिए गए हैं।
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार सुल्तानपुर, बुलंदशहर, आगरा और रायबरेली समेत कई महत्वपूर्ण जिलों की कमान नए हाथों में सौंपी गई है। प्रमुख तबादलों पर नजर डालें तो:
जिलों के अलावा शासन स्तर पर भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं। लखीमपुर की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को पदोन्नत करते हुए देवीपाटन मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को सचिव माध्यमिक शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतीक्षारत आईएएस आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
| क्र.सं. | अधिकारी का नाम | पूर्व पद | नया पद / प्रभार |
| 1 | गौरांग राठी | डीएम, उन्नाव | डीएम, झांसी |
| 2 | इंद्रजीत सिंह | विशेष सचिव, ऊर्जा | डीएम, सुलतानपुर |
| 3 | कुमार हर्ष | डीएम, सुलतानपुर | डीएम, बुलंदशहर |
| 4 | अन्नपूर्णा गर्ग | विशेष सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक | डीएम, श्रावस्ती |
| 5 | आलोक यादव | उपाध्यक्ष, झांसी विकास प्राधिकरण | डीएम, शामली |
| 6 | अरविंद कुमार चौहान | डीएम, शामली | डीएम, सहारनपुर |
| 7 | नितिन गौड़ | उपाध्यक्ष, हापुड़ पिलखुआ विकास प्राधिकरण | डीएम, अमरोहा |
| 8 | अभिषेक गोयल | विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद | डीएम, हमीरपुर |
| 9 | सरनीत कौर ब्रोका | निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार | डीएम, रायबरेली |
| 10 | निधि गुप्ता वत्स | डीएम, अमरोहा | डीएम, फतेहपुर |
| 11 | घनश्याम मीणा | डीएम, हमीरपुर | डीएम, उन्नाव |
| 12 | अंजनी कुमार सिंह | डीएम, मैनपुरी | डीएम, लखीमपुर खीरी |
| 13 | डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी | डीएम, औरैया | डीएम, मैनपुरी |
| 14 | बृजेश कुमार | विशेष सचिव, मुख्यमंत्री | डीएम, औरैया |
| 15 | मनीष बंसल | डीएम, सहारनपुर | डीएम, आगरा |
| 16 | अरविंद मल्लप्पा बांगरी | डीएम, आगरा | विशेष सचिव, मुख्यमंत्री |
| 17 | नीतीश कुमार | प्रबंध निदेशक, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा | प्रबंध निदेशक, उप्र पावर कॉरपोरेशन |
| 18 | आशुतोष निरंजन | प्रतीक्षारत आईएएस | परिवहन आयुक्त |
| 19 | किंजल सिंह | परिवहन आयुक्त | सचिव, माध्यमिक शिक्षा |
| 20 | दुर्गा शक्ति नागपाल | डीएम, लखीमपुर खीरी | कमिश्नर, देवीपाटन मंडल |
| 21 | शशि भूषण लाल सुशील | कमिश्नर, देवीपाटन मंडल | प्रमुख सचिव, एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग |
| 22 | रविंदर सिंह | डीएम, फतेहपुर | विशेष सचिव (ऊर्जा), निदेशक (यूपीनेडा), व प्रबंध निदेशक (उप्र रिन्यूएबल एंड ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर) |
| 23 | आलोक कुमार द्वितीय | अपर मुख्य सचिव - एमएसएमई एवं अन्य विभाग | एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रभार से मुक्त |
पावर सेक्टर में भी बड़ा बदलाव हुआ है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी नीतीश कुमार को अब उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (UPPCL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, फतेहपुर के डीएम रविंदर सिंह को विशेष सचिव ऊर्जा और यूपीनेडा के निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें- यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, पुराने मीटरों को प्रीपेड में बदलने पर सरकार ने लगाई रोक; जानें वजह
प्रमुख सचिव एमएसएमई के पद पर शशि भूषण लाल सुशील की नियुक्ति की गई है, जबकि आलोक कुमार द्वितीय को इस विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।