
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित बादल खेड़ा-बुद्धेश्वर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सार्वजनिक नालियों व सड़कों पर गोबर डालकर गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला बोल दिया। नगर निगम कर्मचारियों की सुरक्षा और सहयोग के लिए साथ मौजूद पुलिस टीम को भी अराजक तत्वों ने अपना निशाना बनाया।
दर्ज एफआईआर के अनुसार, नगर निगम और पुलिस टीम जैसे ही मौके पर अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने पहुंची, 20 से 25 लोग अचानक एकजुट होकर विरोध जताने लगे। देखते ही देखते उपद्रवियों की भीड़ लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व अन्य हथियार लेकर टीम पर टूट पड़ी। हमलावरों ने कर्मचारियों से गाली-गलौज व मारपीट करते हुए सरकारी वाहनों के शीशे चकनाचूर कर दिए।
हमले के दौरान स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई। एफआईआर में उपनिरीक्षक विनय पटेल ने आरोप लगाया कि एक उपद्रवी ने उन्हें पीछे से दबोचकर उनका गला दबा दिया। उन्हें बचाने दौड़े पुलिसकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी भीड़ ने हाथापाई की। इसी बीच खुशबुन नाम की महिला ने लोहे की भारी जंजीर से दरोगा के सिर पर जानलेवा वार कर दिया।
viral Video https://t.co/fPybXFZIaI
— Akash Sharma (@AkashSharm_JNM) August 18, 2026
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और मौके से खुशबुन तथा आफरीन नाम की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। हमले में इस्तेमाल लोहे की जंजीर भी बरामद कर ली गई है। पारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और सीएलए एक्ट के तहत हत्या के प्रयास, बलवा और सरकारी कार्य में बाधा जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।