राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: टिन्नू यादव को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल, सात अन्य आरोपियों का मेडिकल जारी, इन्हें भी कोर्ट में किया जाएगा पेश
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट परिसर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में शामिल रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 26 Jun 2026 04:36:27 PM (IST)Updated Date: Fri, 26 Jun 2026 04:38:01 PM (IST)
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले टिन्नू यादव को न्यायिक हिरासत में जेल लेकर जाती पुलिस।HighLights
- आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- टिन्नू यादव जांच के केंद्र में, कई जानकारियां मिलने की उम्मीद
- सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट परिसर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले (Ram mandir offering theft case) में जांच तेज हो गई है। विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज एफआईआर के बाद गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में शामिल रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं, इस मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य सात आरोपियों की मेडिकल जांच की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद उन्हें भी अदालत में पेश किया जाएगा।
आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
गुरुवार को एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अधिकारियों के अनुसार, सबसे पहले टिन्नू यादव की गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी की गईं और मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
टिन्नू यादव जांच के केंद्र में है, कई जानकारियां मिलने की उम्मीद
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों की भूमिका अलग-अलग स्तर पर खंगाली जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, टिन्नू यादव जांच के केंद्र में है और उससे कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि कथित हेराफेरी का नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ था और इसमें किन-किन लोगों की क्या भूमिका रही।
एफआईआर में इन लोगों को बनाया गया है आरोपी
एफआईआर में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनमें रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, ट्रस्ट कर्मी अनुकल्प मिश्र, उसके बहनोई लवकुश मिश्र, मनीष यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, अविनाश शुक्ल तथा सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव शामिल हैं। हालांकि, प्राथमिकी में ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
इन धाराओं में दर्ज किया गया है मुकदमा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी, आपराधिक न्यास भंग (क्रिमिनल ब्रीच ऑफ ट्रस्ट), चोरी की संपत्ति रखने तथा आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। विधि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में आरोप सिद्ध होते हैं, तो दोषियों को कड़ी कानूनी सजा का सामना करना पड़ सकता है।
राम मंदिर चढ़ावा से जुड़ा यह मामला अब केवल एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसकी संवेदनशीलता और व्यापक चर्चा को देखते हुए पूरे देश की नजरें जांच की आगामी कार्रवाई और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।