हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला (हिच) टूटने से अनियंत्रित ट्राली हाईवे से नीचे उतरने के बाद पलटने से हुआ। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर ले जाया गया, इनमें सात को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हाईवे पर रामनगर कस्बा स्थित पावर हाउस के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला (हिच) टूट गया। उस दौरान ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार से दौड़ रहा था। गुल्ला टूटने के साथ ट्रैक्टर आगे बढ़ गया। जबकि अनियंत्रित ट्रॉली हाईवे किनारे खाई में जाकर पलट गई।
हादसे में ये श्रद्धालु हुए हैं घायल
हादसे में ऊंचा गांव सतीश की पत्नी 30 वर्षीय सुनैना, 50 वर्षीय राधेकृष्ण, उमेश की पत्नी 45 वर्षीय रेखा, शेरा की पत्नी 45 वर्षीय पत्नी सुनीता, सीताराम की पत्नी 50 वर्षीय राज कुमारी, 55 वर्षीय लक्ष्मण, 65 वर्षीय तारामुनि, खरकाखास दिलीप की पुत्री 13 वर्षीय दिव्यांशी, कोरहो निवासी विश्वनाथ की पत्नी 35 वर्षीय संजो, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट निवासी सतेंद्र की पत्नी 36 वर्षीय संगीता, यहीं के 60 वर्षीय लक्ष्मण व उनकी पत्नी 53 वर्षीय महारानी, बसहट निवासी 50 वर्षीय त्रिवेणी।
रीवा जिले के चाकघाट के राजेश का पुत्र छह वर्षीय शिवांश, धर्मेंद्र का पुत्र आठ वर्षीय पुष्पराज व छह वर्षीय नन्हे, त्रिवेणी की पत्नी 46 वर्षीय राजकुमारी घायल हो गए। हादसे में कई लोग ट्राली के नीचे दब गए थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह सभी घायलों को बाहर निकाला
पुलिस मौके पर पहुंची व सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवांश, त्रिवेणी, छह वर्षीय नन्हे व राधेकृष्ण को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी रैपुरा राम सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल राज कुमारी, दिव्यांशी, रेखा, संगीता व सुनैना समेत सात लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर से उठे सवाल
उधर, इस हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर से सवाल उठे हैं। शासन से ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवारियां लेकर आने-जाने पर रोक है, लेकिन फिर भी चित्रकूट मेले में ट्रालियों से लोग पहुंच रहे हैं। अक्टूबर 2022 में कानपुर में उन्नाव के बक्सर से चंद्रिका देवी मंदिर से बच्चे का मुंडन कराकर लौटते समय साढ़ के पास ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 26 ग्रामीणों की मौत हो गई थी। इसके बाद ही शासन से निर्देश दिए गए थे कि ट्रैक्टर-ट्राली पर सवारी न ढोएं।