रक्षाबंधन पर रोडवेज का तोहफा, चालकों-परिचालकों को ₹1200 प्रोत्साहन राशि, बहनों को मिलेगी सुगम बस सेवा
रक्षाबंधन पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा देने और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 15 Aug 2026 07:49:38 PM (IST)Updated Date: Sat, 15 Aug 2026 07:49:38 PM (IST)
रक्षाबंधन पर यात्रियों को नहीं होगी किल्लत।HighLights
- रक्षाबंधन पर यात्रियों को नहीं होगी किल्लत
- UPSRTC ने घोषित की विशेष इंसेंटिव स्कीम
- परिवहन कर्मचारियों को मिलेगा कैश रिवॉर्ड
डिजिटल डेस्क। रक्षाबंधन पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा देने और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है।
इस योजना के तहत 26 से 31 अगस्त के बीच प्रतिदिन सेवा देने वाले चालकों और परिचालकों को 1,200 रुपये तथा कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस कदम से त्योहार के समय बसों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे भाइयों के घर आने-जाने वाली बहनों को सवारी की किल्लत और यात्रा की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जानें किसे कितना मिलेगा लाभ
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) हेमंत मिश्रा ने बताया कि यह प्रोत्साहन योजना 26 से 31 अगस्त तक कुल छह दिनों के लिए प्रभावी रहेगी। योजना से जुड़ी मुख्य शर्तें और लाभ निम्नलिखित हैं:
- चालक व परिचालक (नियमित एवं संविदा): 6 दिनों की अवधि में नियमित रूप से उपस्थित होकर कुल 1,800 किलोमीटर बस संचालन करने पर ₹1,200 की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
- अतिरिक्त किलोमीटर बोनस: 1,800 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाले संविदा कर्मियों को प्रति किलोमीटर 55 पैसे की अतिरिक्त राशि दी जाएगी, जिसका भुगतान डिपो स्तर पर होगा।
- लोड फैक्टर की शर्त: चालकों व परिचालकों को इस योजना का लाभ तभी मिलेगा, जब उनका रूट सेवा लोड फैक्टर न्यूनतम 64 प्रतिशत या उससे अधिक रहेगा।
- तकनीकी एवं कार्यशाला कर्मचारी: डिपो व वर्कशॉप में तैनात ऐसे तकनीकी कर्मी, जो इन छह दिनों तक रोजाना उपस्थित रहेंगे, उन्हें ₹500 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
पर्व पर नहीं होगी बसों की कमी, पूर्व योजनाएं भी रहेंगी लागू
एआरएम हेमंत मिश्रा के अनुसार, इस अवधि के दौरान पूर्व से लागू अन्य सभी प्रोत्साहन योजनाएं भी यथावत जारी रहेंगी। रक्षाबंधन पर होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रदेश सरकार और परिवहन निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि बसों के सुचारु संचालन से आम जनता को राहत मिल सके।