UP Bus Accident: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव... लुधियाना से बिहार जा रही डबल डेकर बस पलटी, 5 की मौत; 16 यात्री घायल
Bus Accident: लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार दोपहर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 06:34:12 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 06:38:30 PM (IST)
Bus Accident: लुधियाना से दरभंगा जा रही बस लखनऊ में दुर्घटनाग्रस्तHighLights
- बस पंजाब (लुधियाना) से बिहार (दरभंगा) जा रही थी
- ड्राइवर को नींद आना या अत्यधिक तेज रफ्तार
- जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त सीएचसी पहुंचे
डिजिटल डेस्क। राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खेमा खेड़ा गांव के पास दोपहर करीब 3:30 बजे यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
ड्राइवर को नींद आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक चालक को नींद का झोंका आने की वजह से वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया।
अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विशाख जी और पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सेंगर तत्काल गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया और पीड़ितों के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई।
सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस टीम दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है।