UP Board result 2026: एक हजार उत्तर पुस्तिकाओं में नकल का शक, कई छात्रों का रिजल्ट रोका गया
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के मूल्यांकन के दौरान बड़ी संख्या में उत्तर पुस्तिकाओं में नकल ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 04:26:53 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 04:29:20 PM (IST)
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में नकल की आशंका सामने आई है।HighLights
- मूल्यांकन के दौरान मिलीं कई विसंगतियां
- परिणाम अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं
- छात्रों को सुनवाई का दिया जाएगा मौका
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के मूल्यांकन के दौरान बड़ी संख्या में उत्तर पुस्तिकाओं में नकल की आशंका सामने आई है। बोर्ड को विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों से मिली रिपोर्ट के आधार पर करीब 1000 कॉपियों को जांच के दायरे में लिया गया है।
रिजल्ट फिलहाल रोका गया
संदिग्ध उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़े परीक्षार्थियों के परिणाम अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं। बोर्ड द्वारा गठित आक्षेप निवारण समिति इन मामलों की विस्तृत जांच करेगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही संबंधित छात्रों का परिणाम जारी करने या आगे रोकने का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
मूल्यांकन के दौरान मिलीं कई विसंगतियां
जांच में सामने आई अनियमितताओं में कई कॉपियों में एक जैसी शब्दावली का इस्तेमाल, अलग-अलग लिखावट, अतिरिक्त पन्ने जोड़े जाना, तथा ‘अ’ कॉपी छोड़कर ‘ब’ कॉपी में उत्तर लिखना शामिल है। ऐसी सभी उत्तर पुस्तिकाओं को अलग कर क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से बोर्ड मुख्यालय भेजा गया है।
पहले ही दिए गए थे सख्त निर्देश
बोर्ड सचिव ने परीक्षा समाप्त होने के बाद ही निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षकों, केंद्र प्रभारियों और परीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए थे। किसी भी प्रकार की संदिग्ध स्थिति मिलने पर उत्तर पुस्तिकाओं को अलग पैक कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया था।
छात्रों को सुनवाई का मिलेगा मौका
जांच प्रक्रिया के तहत संबंधित परीक्षार्थियों को सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा। लिखावट में अंतर के मामलों में छात्रों से दोबारा लिखवाकर मिलान भी किया जाएगा, ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।
स्कूलों पर भी हो सकती है कार्रवाई
यदि जांच में सामूहिक नकल या अन्य गंभीर अनियमितताएं साबित होती हैं, तो संबंधित परीक्षा केंद्र और विद्यालय के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम फैसला जांच के बाद
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर मामले की गहन जांच की जाएगी और उसी के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।