यूपी के उपभोक्ताओं को लगा 440 वोल्ट का झटका! बिजली बिलों में होगी बढ़ोतरी, जून से ही लागू होंगी नई दरें
पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी की महंगाई से जूझ रही उत्तर प्रदेश की जनता पर अब बिजली की मार पड़ने वाली है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 30 May 2026 02:48:58 PM (IST)Updated Date: Sat, 30 May 2026 02:54:44 PM (IST)
ईंधन अधिभार जून के बिल के साथ उपभोक्ताओं से वसूलने का आदेशHighLights
- तेल-गैस के बाद अब बिजली काटेगी जेब
- यूपी में उपभोक्ताओं को लगा 440 वोल्ट का झटका
- जून से ही लागू होंगी बढ़ी हुई नई दरें
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी की महंगाई से जूझ रही उत्तर प्रदेश की जनता पर अब बिजली की मार पड़ने वाली है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का बड़ा फैसला किया है। जून महीने से उपभोक्ताओं को मिलने वाले बिलों में 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज (ईंधन अधिभार) जोड़कर भेजा जाएगा।
पावर कारपोरेशन प्रबंधन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह बढ़ोतरी मार्च 2026 के ईंधन अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) की वसूली के रूप में की जा रही है। आदेश में कुल ईंधन अधिभार 20 प्रतिशत बताया गया है, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि जुलाई के बिल में भी 10 प्रतिशत का अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं पर डाला जा सकता है। इससे पहले फरवरी में भी जनता से 10% सरचार्ज वसूला जा चुका है।
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने जताई आपत्ति
इस फैसले के खिलाफ राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने कड़ी आपत्ति जताई है। परिषद का आरोप है कि बिजली कंपनियों ने पिछले दो वर्षों के पुराने बकाए को शामिल करके यह बोझ बढ़ाया है। नियामक आयोग ने प्रति यूनिट वास्तविक बिजली खरीद लागत ₹4.94 मंजूर की थी, लेकिन कारपोरेशन ने मार्च 2026 में ₹5.86 प्रति यूनिट की महंगी दर पर बिजली खरीद दिखाकर उपभोक्ताओं पर ₹1,610 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार लाद दिया है।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में जज के घर लाइट गई तो पूरे कस्बे की बिजली करवा दी बंद, सब स्टेशन ऑपरेटर ने लगाया आरोप
सीएम से उच्च स्तरीय जांच की अपील
उपभोक्ता परिषद ने इस मनमाने आदेश पर तुरंत रोक लगाने की मांग करते हुए विद्युत नियामक आयोग का दरवाजा खटखटाया है। साथ ही, मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की अपील की गई है ताकि आम जनता को इस चौतरफा महंगाई से राहत मिल सके।