
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के लिए योगी सरकार निपुण भारत मिशन पर विशेष जोर दे रही है। इसी कड़ी में निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके लिए रोस्टर निर्माण, सत्यापन, प्रशिक्षण और आकलन की पूरी कार्ययोजना निर्धारित की गई है।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार निपुण विद्यालय आकलन दो चरणों में कराया जाएगा। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर 2026 और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। आकलन से पहले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ निपुण लक्ष्य ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण का आकलन 21 से 30 दिसंबर 2026 तक और दूसरे चरण का आकलन 20 से 30 जनवरी 2027 के बीच होगा। इस प्रक्रिया के तहत विद्यालयों में बच्चों की सीखने की उपलब्धियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों में एक समान प्रक्रिया अपनाने और संबंधित टीमों को पहले से तैयार करने पर जोर दिया गया है।
निपुण विद्यालय आकलन की तैयारियों के तहत 25 नवंबर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होंगे। 25 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक रोस्टर निर्माण प्रक्रिया पर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्राचार्य एवं डायट के नोडल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) और समग्र शिक्षा के एसआरजी सदस्य शामिल होंगे। यह प्रशिक्षण राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से आयोजित किया जाएगा।
27 नवंबर को रोस्टर सत्यापन, प्रशिक्षण प्रतिवेदन तैयार करने, आकलन प्रक्रिया के संचालन और निपुण लक्ष्य ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास से संबंधित प्रशिक्षण होगा। इसमें सभी जनपदों के जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), प्रभारी जिला समन्वयक और नवचयनित एसआरजी सदस्य हिस्सा लेंगे।
इसके बाद 30 नवंबर को एससीईआरटी, उत्तर प्रदेश में निपुण भारत मिशन को लेकर अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान निपुण लक्ष्य ऐप पर हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया जाएगा। इसमें सभी जनपदों के जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) शामिल होंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने के लिए तीन और चार दिसंबर को प्रदेश के सभी डायट में विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें डायट प्राचार्य, प्रवक्ता, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन), समग्र शिक्षा के एसआरजी, एआरपी और डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य परियोजना कार्यालय के तकनीकी सदस्य भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
15 दिसंबर को रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें आकलन से जुड़े अधिकारियों, डायट प्रवक्ताओं, समन्वयकों और प्रशिक्षुओं की सहभागिता रहेगी।
जारी दिशा-निर्देशों में विद्यालयों की सूची पीटीएमएफ के रूप में दोबारा संलग्न की गई है। प्राचार्य एवं डायट के माध्यम से विद्यालयों का रोस्टर तैयार कराया जाएगा। तैयार रोस्टर 30 नवंबर 2026 तक राज्य परियोजना कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन बैठकों में शामिल होने के लिए लिंक अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि निपुण विद्यालय आकलन के जरिए बच्चों की बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इससे उनके सीखने के स्तर में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रोस्टर निर्माण, सत्यापन और प्रशिक्षण की व्यवस्थित प्रक्रिया के जरिए आकलन का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक बच्चा अपनी कक्षा के अनुरूप आवश्यक दक्षताएं हासिल कर सके।