
एजेंसी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित की जाने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तारीखें नजदीक आ रही हैं। इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों उम्मीदवारों का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। बोर्ड जल्द ही परीक्षा शहर की जानकारी (Exam City Slip) और प्रवेश पत्र (Admit Card) आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने जा रहा है। एग्जाम सिटी स्लिप के जरिए उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर को जानकर समय रहते यात्रा की प्लानिंग कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 के अंतर्गत लिखित परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा राज्यभर में निर्धारित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
भर्ती बोर्ड के पुराने परीक्षा पैटर्न को देखें तो एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा शुरू होने से करीब 8 से 10 दिन पहले जारी कर दी जाती है। इस लिहाज से उम्मीद जताई जा रही है कि 29 से 31 मई 2026 के बीच सिटी स्लिप डाउनलोड करने का लिंक एक्टिव हो सकता है। अभ्यर्थी ध्यान रखें कि सिटी इंटीमेशन स्लिप को केवल परीक्षा शहर चेक करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, इसे एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा।
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के हॉल टिकट (Admit Card) एग्जाम डेट से ठीक 3 से 4 दिन पहले जारी किए जा सकते हैं। इस आधार पर 5 या 6 जून 2026 को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक वेबसाइट पर उपलब्ध होने की पूरी संभावना है। सभी अभ्यर्थियों को अपने क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके ऑनलाइन ही प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा। बोर्ड द्वारा किसी भी उम्मीदवार को डाक या व्यक्तिगत रूप से एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- फिल्म देखने थिएटर पहुंचीं तीन सहेलियां, गांव में ‘लापता’ होने की खबर से मचा हड़कंप, घंटों तलाश करती रही यूपी पुलिस