
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार को (Virat Kohli Anushka Sharma Meets Premanand Maharaj) वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का खिताब सफलतापूर्वक अपने नाम बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विराट और अनुष्का वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे। आश्रम में दर्शन और आशीर्वाद लेने के बाद दोनों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। तस्वीरों में दंपति आश्रम से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर प्रशंसकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा आगरा हवाई अड्डे से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों को कार की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद वे वृंदावन के लिए रवाना हुए।
Virat Kohli and Anushka Sharma directly went to Vrindavan after Winning IPL 2026 to take Blessings from Premanand Ji Maharaj. pic.twitter.com/Sx33YS0Gdt
— Virat Kohli Fan Club (@Trend_VKohli) June 2, 2026
विराट और अनुष्का पिछले कुछ वर्षों से नियमित रूप से वृंदावन जाते रहे हैं। दोनों कई अवसरों पर प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। यह दंपति अक्सर अपने जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व का उल्लेख करता रहा है और कई धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में भी साथ दिखाई देता है।
आरसीबी की ऐतिहासिक जीत के बाद अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर विराट कोहली के साथ एक विशेष तस्वीर साझा की। फोटो में विराट ट्रॉफी थामे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अनुष्का उनके माथे पर प्यार जताती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने पोस्ट के साथ कोई संदेश नहीं लिखा और केवल ट्रॉफी, दिल तथा हाथ जोड़ने वाले इमोजी साझा किए।
आरसीबी की लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक जश्न का माहौल देखने को मिला, जिसमें विराट और अनुष्का की यह आध्यात्मिक यात्रा भी चर्चा का विषय बन गई।